Road Accident in Agra: आगरा में सगाई समारोह से लौटते समय अनियंत्रित होकर बस पलटी, तीन घायल
Road Accident in Agra देर रात डौकी के पैंतीखेड़ा मोड़ पर हुआ हादसा मची चीख पुकार। शुक्रवार को परिवार और गांव के लोगों के साथ हेत सिंह बहादुर पुर में सगाई करने आए थे। रात 12.30 बजे वे वापस गांव जा रहे थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों की बस डौकी के पैंतीखेड़ा मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सौ लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
निबोहरा के गांव बिलईपुरा निवासी हेत सिंह ने अपनी बेटी मोनू का रिश्ता दयालबाग के बहादुर पुर में किया है। शुक्रवार को परिवार और गांव के लोगों के साथ हेत सिंह बहादुर पुर में सगाई करने आए थे। रात 12.30 बजे वे वापस गांव जा रहे थे। डौकी के पैंतीखेड़ा मोड़ पर तेज रफ्तार होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने नियंत्रण में करने की कोशिश की, लेकिन बस पलट गई। बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। किसी तरह बस से कुछ लोग बाहर निकले। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी को बस से बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया और सही यात्रियों को दूसरी बस मंगाकर उससे गांव भिजवा दिया। हादसे के बाद बस में सवार लोग डर गए। उनका कहना था कि अचानक बस कैसे पलटी, उन्हें पता ही नहीं लगा। गनीमत यह रही है कि वहां सड़क किनारे खाई नहीं थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इंस्पेक्टर डौकी अशोक कुमार सिंह बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे, इन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। कुछ मामूली रूप से चोटिल थे। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। क्रेन से बस को सीधा करा दिया।