Virtual World: वर्चुअल दुनिया में हुआ प्यार, सात फेरों के बाद धरातल पर आया तो हुआ ये अंजाम
Virtual World सिकंदरा की युवती की एक साल पहले फेसबुक पर व्यापारी से हुई थी दोस्ती। तीन महीने की दोस्ती के बाद दोनों ने किया था प्रेम विवाह। लाकडाउन में व्यापार ठप हुआ तो होने लगी रार पत्नी चली गई मायके।
आगरा, जागरण संवाददाता। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए युवक-युवती के बीच वर्चुअल दुनिया में एक दूसरे के करीब आ गए। उनके बीच प्यार हो गया। दोनों ने परिवार वालों के खिलाफ जाकर कोर्ट मेरिज कर ली। मगर, सात फेरे लेने के एक साल के अंदर ही प्यार धरातल पर आ गया। जरा-जरा सी बात काे मुद्दा बनाकर उनमें रार होने लगी। एक दूसरे को ताना देने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी गुस्सा होकर मायके चली गई। पति के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करने की तैयारी करने लगी। जानकारी होने पर सास ने महिला हेल्पलाइन में पहुंचकर बहू को समझाने की गुहार लगाई। इससे कि बहू और बेटे के रिश्ते में पड़ी दरार को खत्म किया जा सके।
मामले के अनुसार सिकंदरा क्षेत्र निवासी युवती की एक साल पहले इंटरनेट मीडिया पर व्यापारी से मुलाकात हुई थी। व्यापारी का राजामंडी में महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन का काम है। वर्चुअल दुनिया की दोस्ती तीन महीने इतनी घनिष्ठता में बदल गई कि दोनों ने शादी करने का फैसला किया। उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। उनके स्वजन ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। युवती को बहू बनाकर घर ले आए। विवाद की शुरूआत लाकडाउन के बाद हुई। व्यापार बंद होने से आर्थिक दिक्कत होने लगी। इसने व्यापारी और उसकी पत्नी के व्यवहार में बदलाव आ गया। दोनों एक दूसरे को बात-बात पर ताना देने लगे।
इसने पति-पत्नी के रिश्तों में खटास बढ़ती चली गई। उन्होंने एक दूसरे में कमियां निकालना शुरू कर दिया। इससे बात बनने की जगह बिगड़ती चली गई। स्वजन ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। पत्नी कुछ महीने पहले पति से झगड़ा करके मायके चली गई। उसके खिलाफ अदालती कार्रवाई की तैयारी करने लगी। जानकारी होने पर पति और उसके स्वजनों ने उसे मनाने का प्रयास किया। मगर, बात नहीं बनी, पत्नी ने घर लौटने से मना कर दिया। बहू को मनाकर घर लौटाने के लिए सास ने आशा ज्योति केंद्र की शरण ली है।