Trump Visit Agra: तस्वीरों में देखिए ट्रंप का आगरा दौरा, मोहब्बत की निशानी को देख क्या बोले अमेरिका के राष्ट्रपति
सोमवार को ट्रंप की विजिट के दौरान हर व्यवस्था मुस्तैद रही। खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक शहर को करीने से सजाया गया।
आगरा, तनु गुप्ता। प्यार की निशानी पर लिखी गई दोस्ती की कहानी। दुनियाभर में मोहब्बत की तामीर के रूप मशहूर ताजमहल के दीदार की ललक लिये जब विश्व के कद्दावर नेता डोनाल्ड ट्रंप आए तो ताज की नगरी दुल्हन की मानिंद सजधज गई। चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कई दिनों से की जा रही थी लेकिन सोमवार को ट्रंप की विजिट के दौरान हर व्यवस्था मुस्तैद रही। खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक शहर को करीने से सजाया गया। सड़कों और पेड़ पौधों पर पानी से छिड़काव हो या दीवारों पर पेंटिंग। हर दर और दीवार स्वागत के भाव प्रकट कर रहे थे। अतिथि देवो भव: के भाव को पूर्ण करते हुए शहर की सड़कों पर कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए अपने खास अतिथि का स्वागत करते हुए नजर आए। वहीं धरती से लेकर नभ तक सुरक्षा व्यवस्था में सलंग्न भारत अमेरिका के जवान अपनी ड्यूटी पर पूरी मुस्तैदी से रहे।
ट्रंप बोले Thank you India
ताजमहल। इसका नाम ही खूबसूरती का ऐसा पर्याय बन चुका है कि जो इसके सामने आता है, मंत्रमुग्ध और विस्मय भरे भावों से निहारता ही रह जाता है। ऐसा ही सोमवार को हुआ। जब दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ताज परिसर में पहुंचे। मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर दाखिल होते ही सामने विशाल धवल संगमरमरी इमारत के हुस्न को देख चकित कर रह गए। यही बात उन्होंने ताजमहल में विजिटर बुक में भी लिखी। ट्रंप ने लिखा ताजमहल बहुत प्रभावित करता है, मैं अभिभूत हूँ। यह भारत की समयातीत सांस्कृतिक विभिन्नता व समृद्ध संस्कृति की पहचान है। धन्यवाद, भारत!
जाना गाइड नितिन सिंह से ताज का इतिहास
ताजमहल के इतिहास को टूरिस्ट गाइड नितिन सिंह से ट्रंप ने जाना। पत्नी मेेलानिया के साथ ताज का दीदार करते वक्त इसकी पच्चीकारी, निर्माणकाल और कारीगरों के बारे में भी जानकारी ली। उन्हें ये जानकर हैरानी हुई कि नायाब इमारत को बनवाने वाले शहंशाह को आठ वर्ष कैद में रहना पड़ा था।
पति का हाथ थामे इंवाका ने किया ताज का दीदार
पिता डोनाल्ड ट्रंप और पति जेनेड कुश्नर के साथ ताज के दीदार को पहुंची इंवाका काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि ताज तस्वीरों से भी अधिक सुंदर है। उन्होंने यहां दोबारा आने इच्छा जाहिर की।
ट्रंप के स्वागत में सजाई गई रंगोली
अमेरिकी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत में ताजनगरी में जगह जगह फूलों से रंगोली सजाई गई थी।
ब्रज की संस्कृति ने मोहा मन
खेरिया एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए मौजूद कलाकार।
मयूर नृत्य ने मोहा मन
एयरपोर्ट पर जब करीब 300 कलाकारों ने ब्रज की कला का प्रदर्शन मयूर नृत्य के माध्यम से किया तो ट्रंप ने जमकर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। ये नजारा देख लोगों के मन में एक ही बात आई कि ब्रज सुर पर ट्रंप की ताल।
आगरा किला के पर्यटक हुए परेशान
जिला प्रशासन द्वारा ताजमहल पर्यटकों के बंद रहने की सूचना कई दिनाेें से थी लेकिन इस दौरान आगरा किला भी बंद रहेगा इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। सोमवार को देशी विदेशी पर्यटक आगरा किला का भ्रमण कर रहे थे। तभी दोपहर दो बजे करीब उन्हें बाहर जाने को कह दिया गया। यहां तक कि जो पर्यटक टिकट ले चुके थे उन्हें भी बाहर रोक दिया गया।
अभेद् सुरक्षा
राष्ट्रपति ट्रंप के आगमन से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था देखते जवान।
हर तरफ ट्रंप
खेरिया एयरपोर्ट से होटल अमर विलास तक कुछ इस तरह के पोस्टर लगाकर ट्रंप का स्वागत किया गया।
राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत
निर्धारित समय से करीब आधा घंटा पहले आगरा पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और बेटी का स्वागत करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल।
अनूठा स्वागत
कई विश्व रिकॉर्ड बना चुके प्रमोद कटारा ने कुछ इस अंदाज में ट्रंप का स्वागत किया।
विदाई की बेला...
ताज के दीदार के बाद खेरिया एयरपोर्ट से विमान में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना होता ट्रंप परिवार।