वार्ड से बच्चा चोरी होने के हल्ले पर मची जिला अस्पताल में अफरातफरी Agra News
बेबी नर्सरी में उपचार को कराया था बच्चे को भर्ती। राउंड पर आये चिकित्सक ने दी पुलिस को सूचना। देर रात माँ बिना बताए बच्चे को ले गई थी साथ।
आगरा, जेएनएन। बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चे के गायब होने से जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस को खबर की गई। खोजबीन के बाद जब बच्चा मिल गया, तब जाकर अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की चैन में सांस आई।
मामला मथुरा कोतवाली क्षेत्र के जिला महिला चिकित्सालय का है। यहां बच्चों की नर्सरी से बालक के चोरी होने की सूचना से पुलिस प्रशासन में अफरा तफरी मच गई थी। बुधवार सुबह कोसी खुर्द निवासी महिला खुशी के बच्चे की तबीयत खराब हो गई थी। बताते हैं कि वह अपने बच्चे को जिला महिला चिकित्सालय दिखाने लायी थी। बच्चे की हालत गंभीर होने ओर से बेबी नर्सरी में उपचार के लिए भर्ती कर दिया। हॉस्पिटल सूत्रों की मानें तो देर रात बच्चे की हालत में सुधार होने पर उसे मां को दूध पिलाने के लिए दे दिया था। तभी उसकी मां अपने एक माह के बच्चे को बिना हॉस्पिटल कर्मियों को बताये अपने साथ घर ले गयी। जब डॉक्टर संजय गुप्ता राउंड पर आए तो नर्सरी में एक बच्चा कम दिखा। नर्सरी से बच्चा गायब देख हॉस्पिटल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर गुप्ता ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हॉस्पिटल से बच्चा चोरी की सूचना से पुलिस में अफरा तफरी मच गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अवधेश प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी होली गेट उमेश शर्मा चिकित्सालय पहुंचकर मामले की जांच की। बाद पुलिस ने बच्चे के परिजनों को फोन कर जानकारी की तो पता चला कि बच्चे को उसकी मां अपने साथ अपने मायके ले गई। तब जाकर पुलिस हॉस्पिटल कर्मियों ने राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चा गायब होने सूचना मिली थी लेकिन बाद में पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि बच्चे की मां बच्चे को बिना बताए हॉस्पिटल से अपने मायके लेकर चली गयी। चिकित्सक संजय गुप्ता ने भी बताया कि मां बच्चा दोनों अपने घर पहुंच गए हैं।