UP Weather 2019: आज भी बरसात के आसार, लोगों को मिलेगी राहत Agra News
मंगलवार के शहर के कई इलाकों में नहीं हुई बरसात। 11 जुलाई तक बरसात होने का पूर्वानुमान।
आगरा, जागरण संवाददाता। मानसून की बारिश से मंगलवार को भी ताजनगरी के लोगों ने राहत महसूस की। शहर के कुछ इलाकों में तेज बरसात हुई तो कई जगह हल्का फुहार पड़ी। बुधवार को भी बरसात होने की संभावना है। रात को ठंडी हवा चलने लगी। इससे तापमान में गिरावट आई है।
बुधवार सुबह मौसम का मिजाज खुशगवार रहा। बादल छाए हुए थे। इसके बाद सुबह 10 बजे करीब धूप निकल आई है। हालांकि हवा ठंडी रही। मौसम विभाग ने आज भी बारिश होने का अनुमान जताया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 29.4 डिग्री दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया।
दबाव का क्षेत्र सीमित होने से आधे शहर में ही बारिश
विशेषज्ञों के अनुसार, बादलों का दबाव का क्षेत्र सीमित रहा, इसके एक समान न होने से आधे शहर में बादल छाए रहे और बारिश नहीं हुई। जहां दबाव का क्षेत्र बना, वहां तेज बारिश हुई।
11 जुलाई तक होगी बारिश
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होगी। 11 जुलाई तक मानसून की बारिश होगी, इससे अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम रहेगा।