आधे शहर में ही बरसे मानसून, आधे में बूंद भी नहीं पड़ी
करीब डेढ़ घंटे हुई बारिश रात तक बूंदाबांदी तापमान में आई गिरावट
आगरा, जागरण संवाददाता। छुट्टी के दिन रविवार को आधे शहर में मानसून की झमाझम बारिश हुई। जबकि सिकंदरा, भगवान टॉकीज, एमजी रोड, सेंट जोंस चौराहा सहित कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी तक नहीं हुई। इन क्षेत्रों में देर रात तक बादल छाए रहे। रात को ठंडी हवा चलने लगी। इससे तापमान में गिरावट आई है।
सुबह से तेज धूप निकली, दोपहर में बादलों की लुकाछिपी शुरू हो गई। वहीं, शाम को मौसम का मिजाज बदल गया, सवा छह बजे से रामबाग में तेज बारिश शुरू हो गई, गांधी नगर, विजय नगर, जीवनी मंडी, बल्केश्वर, बिजली घर, सूरसदन सहित कई क्षेत्रों में करीब डेढ़ घटे तेज बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। कमला नगर, दयालबाग क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। वहीं, सिकंदरा, भगवान टॉकीज, सेंट जोंस कॉलेज सहित कई क्षेत्रों में काले घने बादल छाए रहे। मगर, बारिश नहीं हुई। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 35.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। एयरफोर्स स्टेशन स्थित सेंटर पर बारिश रिकॉर्ड की जाती है, वहां बारिश न होने से बारिश रिकॉर्ड नहीं की जा सकी। जानकारों का कहना है कि 35 से 40 एमएम बारिश हुई है। दबाव का क्षेत्र सीमित होने से आधे शहर में ही बारिश
विशेषज्ञों के अनुसार, बादलों का दबाव का क्षेत्र सीमित रहा, इसके एक समान न होने से आधे शहर में बादल छाए रहे और बारिश नहीं हुई। जहां दबाव का क्षेत्र बना, वहां तेज बारिश हुई। 11 जुलाई तक होगी बारिश, 30 डिग्री पहुंच जाएगा तापमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होगी। 11 जुलाई तक मानसून की बारिश होगी, इससे अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच जाएगा।