मथुरा जिला कारागार में विदेशी युवक की मौत, जानिए क्या रही वजह Agra News
धोखाधड़ी के मामले में एक साल से था सलाखाें के पीछे।
आगरा, जेएनएन। जिला जेल में बंद विदेशी युवक की मंगलवार देर रात तबियत खराब हो गई। बुधवार सुबह उसको बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन ने मुख्यालय को सूचना दे दी है।
अफ्रीकन देश रिपब्लिक ऑफ गिनी बिसाऊ निवासी कोम्बा रोडरिग्युज पुत्र पीटर ने मथुरा निवासी एक महिला से करीब नौ लाख की ठगी की थी। महिला ने नवंबर 2017 में मामला दर्ज कराया था। विदेशी नागरिक की वीजा अवधि भी पिछले 15 सितंबर को समाप्त हो चुकी थी और वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। अपराध शाखा ने आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार कर पिछले वर्ष 30 सितंबर को जेल भेज दिया था। सीएमएस आरएस मौर्य ने बताया कि विदेशी को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाया गया था, उपचार के दौरान मौत हो गई। अभी यह स्पष्ट नहीं हैं कि उसे क्या तकलीफ थी। जेल अधीक्षक शैलेंद्र मैत्रेय ने बताया कि विदेशी को 30 सितंबर को जेल में लाया गया था, अभी प्रकरण विचाराधीन है। विदेशी की मौत की जानकारी मुख्यालय दे दी गई है।