जागरण असर: आखिर टूटी एडीए की नींद, अवैध निर्माण के खिलाफ लिया एक्शन
अधीक्षण अभियंता की अगुवाई में फतेहपुरसीकरी क्षेत्र का किया निरीक्षण। नक्शे के विपरीत निर्माण पर भी होगी सख्त कार्रवाई। 13 को नोटिस।
आगरा, जागरण संवाददाता। एडीए ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार दोपहर एडीए (आगरा विकास प्राधिकरण) टीम ने एक अवैध निर्माण को रुकवा दिया। 13 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। इन्हें खुद निर्माण को तोडऩे की चेतावनी दी गई है।
दैनिक जागरण ने फतेहपुर सीकरी में अवैध निर्माण की पोल खोल दी है। साल दर साल निर्माण हो रहे हैं, जबकि प्रशासन, पुलिस और एडीए आंख मूंदे हुए है। एडीए उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना ने अवैध निर्माणों को चिन्हित करने के आदेश दिए। मंगलवार दोपहर एडीए के अधीक्षण अभियंता त्रिलोक नाथ, जेई यूएन पांडेय सहित अन्य अफसर फतेहपुर सीकरी पहुंचे। जहां अफसरों ने अभियान चलाया। वसंत कुमार द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने निर्माण को रुकवा दिया। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अवैध निर्माण पर 13 लोगों को फाइनल नोटिस जारी किया गया है। जल्द इनके भवनों को सील या फिर ध्वस्त किया जाएगा।
मची खलबली, बंद कर दिया निर्माण
एडीए की टीम के चेकिंग अभियान से क्षेत्र में खलबली मच गई। एक भवन की दीवार बन रही थी। टीम ने जैसे ही भवन स्वामी से पूछताछ शुरू की। भवन स्वामी ने गलती मान ली और खुद ही दीवार के कुछ हिस्से को तोड़ दिया।
होगी जल्द कार्रवाई
नोडल अधिकारी व उनकी टीम ने फतेहपुर सीकरी का निरीक्षण किया है। जल्द अवैध निर्माण पर कार्रवाई होगी।
शुभ्रा सक्सेना, उपाध्यक्ष एडीए
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप