आगरा की यह विस सीट बनी लॉलीपॉप, सोशल मीडिया पर आई दावेदारों की बाढ़
भाजपा से जुड़े हुए छुटभइये खुद को घोषित कर रहे संभावित प्रत्याशी। दिग्गज दावेदारों के चहेते चला रहे उनका नाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा में दिग्गज दावेदारों की कमी नहीं है, तो सोशल मीडिया पर तो दावा करने वालों की बाढ़ आ गई है। इसमें ऐसे चेहरे हैं जिनकी अपने मुहल्ले में भी पहचान कम है, लेकिन फेसबुक, वॉटसएप पर विधायक पद के लिए दावा करने के साथ ही अपने लिए सहयोग मांग रहे हैं।
उत्तर विधानसभा की सीट रिक्त होते ही भाजपा के दिग्गजों ने इस पर दावा किया है, तो कई चेहरों ने सिर्फ प्रसिद्धी पाने के लिए नाम चला दिया है। कुछ ने तो खुद को संभावित प्रत्याशी घोषित कर वोट की अपील तक कर डाली है। इसमें भाजपा के पदाधिकारियों, पार्षदों, नए जुड़े कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक है।
इसमें कई चेहरे ऐसे भी हैं, जिनका भाजपा से कोई सीधा वास्ता नहीं है, लेकिन वे किसी वरिष्ठ के कृपा पात्र हैं। ऐसे में खुद को कर्मठ बताकर सोशल मीडिया से दावा करने वाले इन छुटभइयों को तीखे कमेंट का सामना भी करना पड़ रहा है। किसी ने इनसे इनका पार्टी से वास्ता डाला है, तो कोई संपर्क में आए हुए दिनों की संख्या। एक कमेंट में पूछ लिया गया कि अपना नाम चला रहे हो तो अपने नेताओं को क्या सन्यास दिलाओगे।
दिग्गजों के चहेतों ने चलाया उनका नाम
सोशल मीडिया पर भाजपा के दिग्गजों का उनके चहेतों ने नाम चला रखा है। दिन में कई बार उनके नाम की पोस्ट डाली जाती है, तो शेयर भी की जा रही है।
सपा, रालोद के भी दावेदार
गठबंधन के कारण सपा, बसपा, रालोद में से सीट किसके खाते में जाएगी ये स्पष्ट नहीं है, लेकिन सपा की ओर से सोशल मीडिया पर दावेदारी शुरू हो गई है। इसमें कुछ पुराने तो कई युवा चेहरे सम्मलित हैं। रालोद के भी एक-दो पदाधिकारी और युवा नेता भी मैदान में उतर चुके हैं।
कांग्रेस दावेदार भी कर रहे दावा
कांग्रेस के दावेदार भी फेसबुक, वॉटसएप के माध्यम से दावेदारी तेज कर दी है। इसमें कुछ पुराने दिग्गज हैं, तो ऐसे नामों की कमी भी नहीं, जिनको कोई पहचानता ही नहीं है।