शिवपाल ने किया बड़ा एलान, जरूरत पड़ी तो भतीजे के सामने भी लडूंगा चुनाव
शादी समारोह में आए शिवपाल यादव ने भाजपा पर कसे तंज। कहा राम मंदिर को मुद्दा बनाए रखना चाहती है भाजपा।
आगरा, जेएनएन: प्रगतिशील सपा (लोहिया) के राष्ट्रीय संयोजक शिवपाल यादव ने कहा उन्होंने सपा में अपमान होने पर नई पार्टी बनाई है। यदि जरूरत पड़ी तो भतीजे (अक्षय यादव) के सामने भी चुनाव लड़ेंगे। भाजपा पर राम मंदिर को चुनावी मुद्दा बनाए रखने का आरोप लगाया।
शिवपाल यादव शुक्रवार को फीरोजाबाद में स्टेशन रोड स्थित जीआर प्लाजा में पार्टी के महानगर अध्यक्ष सेफुर रहमान के परिवार में आयोजित शादी समारोह में आए थे। यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि इस बार वह सांसद का चुनाव लड़ेंगे। फीरोजाबाद से चुनाव लडऩे के सवाल पर उन्होंने कहा यदि जरूरत पड़ी तो वह यहां से प्रत्याशी बन सकते हैं। भतीजे सांसद अक्षय यादव के मुकाबले में चुनाव लडऩे के सवाल पर कहा यह राजनीति है। इसके बाद भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जब राम मंदिर का मामला कोर्ट में है, तो सभी को इंतजार करना चाहिए। सरकार को आम सहमति बनानी चाहिए, लेकिन भाजपा ने ऐसा नहीं किया है। भाजपा इसको मुद्दा बनाए रखना चाहती है। भाजपा से गठबंधन के सवाल पर कहा कि वह अपनी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे और भाजपा को टिकटों के बंटवारे में उन्हें 50 फीसद की हिस्सेदारी देनी होगी।
पूर्व विधायक के घर पहुंचे शिवपाल
शादी समारोह में शामिल होने से पहले वे मंजय यादव और पूर्व विधायक रामकिशन ददाजू के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उनके साथ विजय प्रताप, मीना राजपूत, रघुराज सविता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।