रेंज में 165 बच्चे लापता, आइजी ने शुरू किया आपरेशन तलाश
सभी बेसुराग लोगों की बरामदगी के लिए पुलिस अधिकारियों को दिया एक माह का टारगेट
आगरा, जागरण संवाददाता । घर के किसी सदस्य के लापता होने पर स्वजन बेचैन रहते हैं। दरवाजे पर निगाहें और मोबाइल की हर काल पर कान होते हैं। रेंज के चारों जिलों से लापता 165 बच्चों का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। आइजी नवीन अरोरा ने लापता लोगों और बच्चों को घर वापस लाने के लिए आपरेशन तलाश शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को एक माह का टारगेट दिया है। हर शनिवार को आइजी खुद इसकी समीक्षा करेंगे।
आगरा रेंज के जिला आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फीरोजाबाद में 2266 लोग लापता हैं। इनमें 1156 महिलाएं और 165 बच्चे शामिल हैं। यह आंकड़ा डराने वाला है। लापता लोगों के परिवार दर्द से गुजर रहे हैं। पहले अपने स्तर से जानकारी की, फिर पुलिस से शिकायत कर दी। कुछ दिन की तलाश के बाद पुलिस शांत बैठ गई। मगर, लापता और अपहृत बच्चों, महिलाओं और युवतियों के स्वजन अभी तक उनकी तलाश में जुटे हैं। आइजी ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक रेंज के सभी थाना क्षेत्रों में लापताओं की तलाश के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। हर शनिवार को वे खुद इसकी समीक्षा करेंगे। आइजी का कहना है कि लापता लोगों के घरों में खुशियां लौटाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। अभियान में उन लोगों की खोज की जाएगी, जो लापता हैं। इसके लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। जल्द ही इसके सार्थक परिणाम सामने होंगे। ये है लापता लोगों की स्थिति
जिला, लापता महिला, लापता पुरुष, लापता बच्चे, योग
आगरा, 760, 400,46,1206
मथुरा, 187,223,51,461
फीरोजाबाद, 107,251,49,407
मैनपुरी, 102,71,19,192
कुल योग, 1156,945,165,2266
अपहृत किशोरी और युवतियां
जिला, अपहृत किशोरी और युवतियां
आगरा, 127
मथुरा, 62
फीरोजाबाद, 44
मैनपुरी, 49
कुल, 282