आगरा के बाद 'आप' का बनारस कूच
जागरण संवाददाता, आगरा: लोकसभा चुनाव होते ही आम आदमी पार्टी (आप) की जिला कार्यकारिणी दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाएगी। 26 अप्रैल को 50 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ता बनारस के लिए रवाना होंगे।
दरअसल, आप की सबसे बड़ी लड़ाई बनारस में है, जहां उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी से भिड़ रहे हैं। 24 अप्रैल को आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर चुनाव होने के बाद पार्टी की जिला कार्यकारिणी से करीब 50 कार्यकर्ता बनारस के लिए कूच करेंगे। इनमें पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता के अलावा आइटी टीम के सदस्य शामिल होंगे। यह पूरी टीम बनारस में अरविंद केजरीवाल के चुनाव प्रचार करेगी। जिला संयोजक दीपक सरीन ने बताया कि शनिवार को वो और उनके साथी बनारस रवाना होंगे।
दिल्ली में भी दिया था साथ
आप दिल्ली विधानसभा चुनाव की तरह बनारस के हर घर तक पहुंचना चाहती है। वहां पार्टी के पास ज्यादा कार्यकर्ता नहीं हैं, इसलिए सभी जिलों के प्रमुख पदाधिकारी बनारस और अमेठी पहुंच रहे हैं। आगरा से जो बनारस जाएंगे, उनमें से अधिकतर दिल्ली में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं।