CoronaVirus: रातभर निकलती रही जमातियों की बरात, अब बढ़कर हुए 118
सुबह तक तब्लीगी मरकज से जुड़े लोगों का आगरा में आंकड़ा पहुंचा 118 पर। सब को लाया गया मधु रिसॉर्ट में। 28 के लिए नमूने।
आगरा, जागरण संवाददाता। जैसा अंदेशा जताया जा रहा था, वही सच साबित हो रहा है। निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज में शामिल होने के बाद लौटे जमातियों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। मंगलवार शाम को प्राथमिक तौर पर 34 की सूचना आई, उसके कुछ ही घंटों में बढ़कर यह 89 पहुंची। शहर भर में चले ऑपरेशन क्लीन के बाद बुधवार सुबह तक यह आंकड़ा बढ़कर 118 पर पहुंच गया है। सभी को मधु रिसॉर्ट में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में ठहराया गया है। यहां इन सभी के भोजन की समुचित व्यवस्था है और डॉक्टरों की टीम स्वास्थ्य जांच भी कर रही है। इसके अलावा मथुरा में 51 और मैनपुरी में 10 जमाती भी सामने आए हैं।
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बुधवार सुबह दैनिक जागरण को जानकारी दी कि अब तक 118 जमाती सामने आ चुके हैं। इनमें से 28 जमाती अलग-अलग तारीखों पर निजामुद्दीन लौटे हैं। सभी को मधु रिसॉर्ट रखा गया है। जो 28 लोग निजामुद्दीन से लौटे थे, अभी सिर्फ उन्हीं के कोरोना वायरस जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। क्वारंटाइन सेंटर में इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है जमातियों के बीच शारीरिक दूरी बनी रहे। साथ ही भोजन की व्यवस्था भी कराई जा रही है। डॉक्टरों की टीम भी तैनात है।
लॉकडाउन में भी चलीं जमातें, खुफिया तंत्र फेल
कोरोना से जंग को देश में लॉकडाउन है। सभी अपने-अपने घरों के बाहर खिंची लक्ष्मण रेखा के अंदर हैं। मगर, ताजनगरी में मस्जिदों में ठहरे जमाती बस्तियों में जाकर धर्म का प्रचार करने में लगे थे। खुफिया तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब इनके ट्रैस होने के बाद खलबली मच गई है।
लॉकडाउन में सड़कों पर सख्ती दिख रही है। खुफिया तंत्र को भी गोपनीय सूचनाएं जुटाने को लगाया गया था। बाहरी व्यक्तियों के बारे में जानकारी की जा रही थी। मगर, शहर की मस्जिदों में रुके 89 जमातियों की न तो खुफिया तंत्र को जानकारी हुई और न ही पुलिस को। ये मुस्लिम बस्तियों में जाकर जमात लगाते रहे। लखनऊ से अलर्ट जारी होने के बाद खुफिया तंत्र की आंखें खुलीं। इसके बाद जमातियों की जानकारी कर पुलिस को दी। छापामारी कर पुलिस ने 118 जमातियों को ट्रैस कर लिया। इससे पुलिस और खुफिया तंत्र की इन बस्तियों में सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
जमातियों की संख्या पर फूट रहा आक्रोश
कोरोना वायरस को लेकर दुनियाभर में अलर्ट और देशभर में लॉकडाउन के बीच तब्लीगी मरकज के आयोजन तथा बड़े पैमाने पर लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर अब लोगों में आक्रोश भी दिख रहा है। राष्ट्रीय लोकदल के नेता कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि एक तरफ देश की जनता सारे काम धंधे छोड़कर लॉकडाउन का पालन कर रही है। लोगों के सामने राशन की दिक्कत है। उस दौर में इतना बड़ा आयोजन हो जाना और विदेशियों का देश भर में फैल जाना, हैरान कर देने वाली बात है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होकर सचाई सबके सामने आनी चाहिए।
एक और केस बढ़ने से बढ़ी चिंता
ताजनगरी में बुधवार को एक और कोरोना संक्रमित पाए जाने से चिंता बढ़ गई है। बाईपास रोड स्थित हॉस्पिटल संचालक चिकित्सक का टेस्ट पॉजीटिव निकला है। डॉक्टर का पुत्र चंद दिन पहले ही यूके से दुबई होता हुआ आगरा पहुंचा था और इसका उपचार चल रहा है। ये केस सामने आने के बाद पूरे परिवार समेत हॉस्पिटल के स्टाफ और भर्ती मरीजों समेत 25 लोगों के टेस्ट कराए गए थे। साथ ही इन सभी को क्वारंटाइन किया गया था। सूचना छिपाने पर डॉक्टर तथा उनके पुत्र के खिलाफ आगरा प्रशासन मुकदमा दर्ज करा चुका है। अब आगरा में कोरोना संक्रमिताेें की संख्या बढ़कर 12 हो चुकी है।