यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बटाला में शराब के ठेके पर फेंका ग्रेनेड, फटा नहीं; इस गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
बटाला के फोकल प्वाइंट में शराब के ठेके पर शुक्रवार देर रात ग्रेनेड फेंका गया जो फटा नहीं जिससे बड़ा ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, बटाला। शहर के फोकल प्वाइंट क्षेत्र में स्थित एक शराब के ठेके पर शुक्रवार देर रात ग्रेनेड से हमला किया गया। गनीमत यह रहा कि ग्रेनेड फटा नहीं और बड़ा हादसा होने से टल गया। मामले में आश्चर्यजनक पहलू यह है कि एक तरफ यहां गैंग्सटर मनू अगवान द्वारा इस ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी ली गई है।
वहीं पुलिस इसे डमी ग्रेनेड बता रही है। बता दें कि इससे पहले भी बटाला के थानों पर हुए ग्रेनेड हमलों पर भी पुलिस का यहीं दावा रहा था। जिसके चलते क्षेत्र के लोगों में काफी दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है।
ग्रेनेड नहीं फटने से टला हादसा
जानकारी के मुताबिक फोकल प्वाइंट बटाला में स्थित एक शराब के ठेके पर शुक्रवार की रात किसी ने हैंड ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि यह ग्रेनेड फटा नहीं। जिसके चलते इसकी सूचना शनिवार सुबह उस समय मिली जब शराब ठेकेदार के करिंदों द्वारा ठेका खोला गया।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर मनू अगवान की पोस्ट भी वायरल होने लगी। जिसके चलते पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और उक्त क्षेत्र को बंद करके छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त जगह पर बम पड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि शुरुआत जांच में देखने में बम डमी लग रहा है। ऐसा लग रहा है कि किसी ने शरारत की है। फिलहाल लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर अलग अलग टीमों का गठन किया गया है, जोकि अपना काम कर रही है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जाएगा।
गैंगस्टर अगवान ने डाली पोस्ट
उक्त घटना के बाद गैंग्सटर मनू अगवान व गोपी नवांशहरिया ने पोस्ट डालते हुए कहा कि अज रात जो बटाला फोकल प्वाइंट के पास शराब के ठेके पर ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ, उसकी जिम्मेदारी मैं मनू अगवान और गोपी नवांशहरिया लेते हैं।
हमने पहले भी इन्हें समझाया था कि दिल्ली सरकार के दलाल न बनें और पंजाब की जवानी को बर्बाद न करें। लेकिन यह नहीं समझे, जो कोई भी शराब के ठेके पर काम करेगा, हम उसे टारगेट करके उसका जानी नुकसान करेंगे। जिसका वह खुद जिम्मेदार होगा। दिल्ली की हकुमत तैयार हो जा, जल्द मिलते हैं। हम पंजाब की जवानी का नुकसान नहीं होने देंगे।
शोहरत के लिए डाली गई पोस्ट: एसएसपी
एसएसपी बटाला सुहेल कासिम मीर ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस पार्टी द्वारा एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाकर ठेके के बाहर पड़ी बम नुमा चीज को कब्जे में लिया गया, जोकि पूरी तरह से डमी थी।
उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर मनू अग्रवाल द्वारा जो पोस्ट डाली गई है, वह केवल शोहरत हासिल करने के लिए डाली गई है। जिसके चलते उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- Farmers Protest: बठिंडा के इस गांव में किसान और पुलिस में धक्का-मुक्की, जमीन की निशानदेही पर हुआ टकराव