विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 25, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के मायके से भी पहुंचेंगे भक्त, निमंत्रण भेजा गया

Published: Sun, 25 May 2025 11:00 AM (IST)

Ayodya Ram Temple | अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर में आगामी 5 जून को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के मायके जनकपुर से भी भक्त शामिल होंगे। विश्व हिन्दू परिषद नेपाल भक्तों को लाने का संयोजन कर रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जनकपुर स्थित जानकी मंदिर के महंत को भी आमंत्रण भेजा जा सकता है।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के मायके से भी पहुंचेंगे भक्त।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के मायके से भी पहुंचेंगे भक्त।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। रामजन्मभूमि परिसर में पांच जून को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में माता जानकी के मायके जनकपुर से भी भक्त सम्मिलित होंगे। समारोह में अधिकाधिक भक्तों को लाने के लिए विश्व हिंदू परिषद नेपाल के पदाधिकारी संयोजन कर रहे हैं।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जनकपुर स्थित जानकी मंदिर के महंत को भी आमंत्रण पत्र भेजा जा सकता है। ट्रस्ट की ओर से विभिन्न मतों व पंथों के धर्मगुरुओं को बुलाने की तैयारी है, जिसमें उनका नाम भी प्रमुखता से शामिल बताया जा रहा है।

राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी माता जानकी के मायके जनकपुर से बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई थी। अब जबकि इसके प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना हो रही और रामजन्मभूमि परिसर में अन्य देवी-देवताओं को भी प्रतिष्ठित किया जाना है, तो पांच जून को प्रस्तावित द्वितीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी नेपाल से मां जानकी के भक्तों के सम्मिलित होने की चर्चा हो रही है।

यद्यपि अभी राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से जनकपुर के जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास या उनके उत्तराधिकारी रामरोशन दास को आमंत्रण नहीं भेजा गया है, परंतु रामरोशन दास ने दैनिक जागरण को दूरभाष पर बताया कि यदि आमंत्रण आएगा तो वह अवश्य पहुंचेंगे।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहाकि उन्हें अयोध्या के विहिप पदाधिकारियों से समारोह की सूचना प्राप्त हुई है। मां जानकी के भक्तों को संयोजित किया जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन पांच जून को वह लोग अधिक से अधिक संख्या में भक्तों को लेकर अयोध्या पहुंचेंगे।

गत वर्ष नवंबर माह में विहिप अयोध्या की ओर से धूमधाम से राम बरात ले जाने और जनकपुरवासियों के भगवान राम का तिलकोत्सव आयोजित करने के बाद से दोनों देशों के रिश्ते और प्रगाढ़ हुए हैं। उधर, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि जल्द ही समस्त रूपरेखा व अतिथियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।