विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

US Open Final: एरिना सबालेंका और एलेना रिबाकिना के बीच होगी खिताबी भिड़ंत, सेरेना विलियम्स का रिकॉर्ड खतरे में

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:16 PM (IST)

यूएस ओपन के फाइनल में अगर रिबाकिना को ट्रॉफी चाहिए तो उन्हें सबालेंका को कोर्ट में हराना होगा।

यूएस ओपन

यूएस ओपन

HighLights

  1. सेमीफाइनल में हारीं पेगुला और गफ, घरेलू जमीन पर खत्म हुई अमेरिकी चुनौती 

  2. 2023 के फाइनल में आखिरी बार यूएस ओपन का कोई मैच हारी थीं सबालेंका

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। कुछ घंटे पहले एरिना सबालेंका ने कोर्ट के बाहर खड़े होकर विश्व नंबर वन की अपनी रैंक चुपचाप एलेना रिबाकिना के पास जाती देख ली, लेकिन यूएस ओपन के फाइनल में अगर रिबाकिना को ट्रॉफी चाहिए तो उन्हें सबालेंका को कोर्ट में हराना होगा।

सेमीफाइनल मैच में सबालेंका ने शीर्ष अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला को 7-5, 6-2 से हराया जबकि दूसरी ओर एक अन्य सेमीफाइनल में रिबाकिना ने कोको गफ को 3-6, 6-4, 6-4 से मात दी।

लगातार दो बार की चैंपियन सबालेंका फाइनल जीतते ही महान सेरेना विलियम्स की बराबरी कर लेंगी जिन्होंने 2012 से 2014 तक लगातार तीन बार यूएस ओपन जीता था।

टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका ने इस मैच की शुरुआत थोड़े संघर्ष के साथ की लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा वह लय में आती चली गईं और 29 विनर तथा सात ऐस के साथ मैच अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट की तीसरी वरीय और साल 2024 में सबालेंका से ही यूएस ओपन का फाइनल हारीं पेगुला के पास सबालेंका के ताकतवर खेल का कोई जवाब नहीं था।

सबालेंका ने मैच के बाद कहा कि मैं जीत के लिए बहुत बेताब थी, मुझे इसकी बहुत ज्यादा जरूरत थी। पेगुला इस बार सेमीफाइनल में पहुंची इकलौती खिलाड़ी थीं जिन्होंने अभी तक एक भी ग्रैंड स्लैम नहीं जीता और सबालेंका ने इस बार भी उन्हें ट्रॉफी के करीब नहीं आने दिया।

दूसरे सेमीफाइनल में रिबाकिना ने कोको गफ के विरुद्ध पहला सेट गंवाने के बाद मुकाबला 3-6, 6-4, 6-4 से जीता। रिबाकिना ने साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने से की थी। वहां इन्होंने सबालेंका को हराया था।

रिबाकिना ने इस साल लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रैंकिंग में शीर्ष स्थान की ओर मजबूत कदम बढ़ाए थे और उन्हें ये उपलब्धि हासिल करने के लिए यूएस ओपन के सेमीफाइनल तक ही पहुंचना था।

सेमीफाइनल में गफ ने रिबाकिना को कड़ी टक्कर दी, पहले सेट में उन्होंने 6-3 की जीत दर्ज करने के बाद बाकी दोनों सेटों में वापसी के लिए जी-जान लगा दी। पहले सेट में उन्होंने चार ऐस लगाते हुए सिर्फ 38 मिनट में इसे अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में 4-1 से पिछड़ने के बाद गफ ने 4-4 की बराबरी की लेकिन रिबाकिना ने अगले दो गेम अपने नाम करते हुएसेट जीत लिया। तीसरे सेट में रिबाकिना 5-3 से आगे हो चुकी थीं लेकिन जब उन्होंने मैच जीतने के लिए सर्व किया तो गफ ने एक बार फिर से वापसी करते हुए इसे तोड़ दिया।

गफ के समर्थन में तमाम प्रशंसकों के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा भी बैठी थीं और लगातार उनके पक्ष में शोर हो रहा था, हालांकि रिबाकिना ने घरेलू दर्शकों के शोर को अपनी जीत के बीच नहीं आने दिया।

यूएस ओपन महिला फाइनल

  • सबालेंका बनाम रिबाकिना
  • समय : रात 1:30 बजे
  • प्रसारण : सोनी स्पोर्ट्स/सोनी लिव

यह भी पढ़ें- झेंग को हराकर एलेना रिबाकिना बनीं वर्ल्ड नंबर-1, ज्वेरेव और गफ भी सेमीफाइनल में पहुंचे

यह भी पढ़ें- US Open: साढ़े चार घंटे चले मैराथन मुकाबले में हारे अलकराज, बेंजामिन शेल्टन ने दिखाया बाहर का रास्ता