झेंग को हराकर एलेना रिबाकिना बनीं वर्ल्ड नंबर-1, ज्वेरेव और गफ भी सेमीफाइनल में पहुंचे
एलेना रिबाकिना ने झेंग किनवेन को हराकर यूएस ओपन में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी का ताज हासिल किया, जिससे एरिना सबालेंका दूसरे स्थान पर खिसक गईं।

एलेना रिबाकिना

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। कभी आपकी ट्रेन सामने से छूटी है? मतलब आप ट्रेन को जाते देख रहे हों लेकिन बैठ नहीं सकते। ये बड़ा अजीब अनुभव होता है, अपार बेबसी से भरा हुआ... और ऐसा ही कुछ बीती रात यूएस ओपन में एरिना सबालेंका के साथ हुआ जब उन्होंने चीन की झेंग किनवेन को एलेना रिबाकिना से हारते देखा।
रिबाकिना इस मैच में जीत के साथ ही सबालेंका से आगे निकल विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बन गईं और ये सब घटा सबालेंका की आंख के एकदम आगे से छूटती ट्रेन की तरह। उधर, पुरुष सिंगल्स में जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने नीदरलैंड्स के बोटिक वैन डे जैंडशल्प को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
रिबाकिना ने यूएस ओपन से नंबर की जगह की पक्की
कजाकिस्तान की रिबाकिना ने यूएस ओपन से विश्व नंबर एक के रूप में विदाई पक्की कर ली है। क्वार्टर फाइनल मैच में रिबाकिना ने 3-6, 6-1, 6-4 से जीत दर्ज की और बीते कुछ समय में लगातार अपने कमाल के खेल से वापसी की रानी बन चुकी किनवेन को बाहर का रास्ता दिखाया। इसके साथ ही सबालेंका (शीर्ष वरीय), रिबाकिना (दूसरी वरीय), जेसिका पेगुला (तीसरी वरीय) और कोको गफ (चौथी वरीय) ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर एक और रिकॉर्ड बना दिया।
2009 के बाद पहली बार हुआ ये कारनामा
2009 विंबलडन के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी ग्रैंडस्लैम की चार शीर्ष खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। रिबाकिना ने बड़ी जीत के बाद कहा कि उनके लिए इस अनुभव को शब्दों में बयां करना कठिन हो रहा है। शायद ये मेरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन नहीं था लेकिन खुशी है कि मैं जीत गई। स्थानीय खिलाड़ी कोको गफ ने पहला सेट गंवाने के बाद रूस की मीरा आंद्रीवा को 2-6, 7-6(7), 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गफ ने मैच आगे बढ़ने के साथ ही अपना खेल लगातार बेहतर किया और टाईब्रेक में दो मैच पाइंट बचाते हुए वापसी की।
ज्वेरेव ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
पुरुषों के वर्ग में ज्वेरेव ने जैंडशल्प के विरुद्ध अपना मुकाबला फटाफट खत्म करते हुए 6-2, 7-5, 6-1 से जीत दर्ज की अब वह सेमीफाइनल में रूस के कारेन खाचानोव से भिड़ेंगे। खाचानोव एलेक्जेंडर ब्लॉक्स के विरुद्ध 6-2, 7-5, 3-2 से आगे थे और तभी ब्लॉक्स ने चोट के चलते मैच से हटने का फैसला किया।
ज्वेरेव ने मैच के बाद दिया बयान
ज्वेरेव ने मैच के बाद कहा कि सबने देखा कि पहले दो राउंड में मैं अच्छा नहीं खेला। बाकी किसी टूर्नामेंट में मैं पहले राउंड में ही बाहर हो जाता लेकिन यहां मैं वापसी करते हुए पांच सेट तक खेल सकता हूं। चार, साढ़े चार घंटे तक खेल सकता हूं। मैं निश्चित तौर पर सेमीफाइनल में पहुंचकर खुश हूं।
