इंडियन वेल्स: क्वार्टर फाइनल में पहुंची हालेप, वीनस विलियम्स ने तय किया आगे का सफर
हालेप ने इंडियन वेल्स का खिताब 2015 में जीता था। उनके साथ कैरोलीना वोज्नियाकी भी खिताबी दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने 2011 में इस खिताब को अपने नाम किया था।
इंडियन वेल्स (अमेरिका), एजेंसी। वर्ल्ड नम्बर-1 सिमोना हालेप ने इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। हालेप ने महिला एकल वर्ग के तीसरे दौर में वर्ल्ड नम्बर-55 वांग कियांग को मात दी। रोमानिया की स्टार टेनिस खिलाड़ी हालेप ने चीन की खिलाड़ी कियांग को सीधे सेटों में 7-5, 6-1 से मात दी। हालेप क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया की गैर वरीय पेत्रा मार्टिच से भिड़ेंगी जिन्होंने चेक गणराज्य की मार्केटा वोंडरोसोवा को 6-3, 7-6 (7/4) से पराजित किया।
मार्टिक ने मंगलवार रात को खेले गए तीसरे दौर में चेक गणराज्य की मार्केटा वोंडरोसोवा को मात दी। रोमानिया की 26 वर्षीया खिलाड़ी हालेप ने जीत के बाद कहा, मैंने अधिक गलतियां नहीं की। मैंने इस मैच में अपना अच्छा दबदबा बनाया था।
हालेप ने इंडियन वेल्स का खिताब 2015 में जीता था। उनके साथ कैरोलीना वोज्नियाकी भी खिताबी दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने 2011 में इस खिताब को अपने नाम किया था।
वीनस विलियम्स ने भी जीता मुकाबला
अमेरिका की आठवीं वरीयता प्राप्त वीनस विलियम्स ने लाटविया की अनस्तेसिया सेवास्तोवा पर 7-6 (8/6), 6-4 से संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की।
एक अन्य मैच में पांचवीं वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की कारोलिना पिलिसकोवा ने अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा को 6-1, 7-6 (7/2) से शिकस्त दी। पिलिसकोवा क्वार्टर फाइनल में जापान की नाओमी ओसाका का सामना करेंगी जिन्होंने गैरवरीय मारिया सकारी को 6-1, 5-7, 6-1 से हराया।