खेल मंत्रालय ने दिया दिग्गज टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस को बड़ा झटका
हैरानी की बात यह है कि देश की शीर्ष महिला सिंगल्स खिलाड़ी अंकिता रैना को भी इस सूची में जगह नहीं मिली है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। खेल मंत्रालय ने दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और साकेत मायनेनी को हर माह मिलने वाले भत्ते की प्रारंभिक सूची से बाहर कर रखा है। खेल मंत्रालय के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार जिन टेनिस खिलाडि़यों को प्रति माह जेब खर्च के लिए पचास हजार रुपये देने के लिए चयनित किया गया है उनमें युकी भांबरी, रामकुमार रामनाथन, रोहन बोपन्ना और युवा सुमित नागल शामिल हैं।
पेस के साथ इस सूची से बाहर किए गए मायनेनी को इसी साल अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। हैरानी की बात यह है कि देश की शीर्ष महिला सिंगल्स खिलाड़ी अंकिता रैना को भी इस सूची में जगह नहीं मिली है।
खेल मंत्रालय के अधिकारी ने कहा है कि ये अंतिम सूची नहीं है। उन्होंने कहा जो भी अच्छा प्रदर्शन करता है उसे बाद में इस सूची में शामिल किया जा सकता है और जो प्रदर्शन करने में विफल रहता है, उसे सूची से हटाया जा सकता है। एक अन्य सूत्र के मुताबिक बताया कि समीक्षा समिति अगले 15 से 20 दिन में बैठक करके चुने हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करेगी।