ATP Ranking: कायम है राफेल नडाल की बादशाहत
इस्नर ने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को हटाकर नौवें स्थान पर कब्जा जमाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। स्पेन के सुपरस्टार खिलाड़ी राफेल नडाल ने सोमवार को जारी टेनिस पेशेवर संघ (एटीपी) की ताजा रैंकिंग में अपना पहला स्थान कायम रखा। वहीं, अमेरिका के जॉन इस्नर एक स्थान चढ़कर नौवें स्थान पर आ गए।
शीर्ष-10 में और कोई बदलाव नहीं हुआ है। सर्बिया के नोवाक जोकोविक दूसरे स्थान पर बने हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह ही स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हटाकर यह स्थान हासिल किया था। फेडरर तीसरे स्थान पर ही कायम हैं।
इस्नर ने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को हटाकर नौवें स्थान पर कब्जा जमाया। दिमित्रोव 10वें स्थान पर आ गए। ग्रेट ब्रिटेन के काइल एडमंड भी एक स्थान का लाभ लेने में सफल रहे हैं। उन्हें 14वां स्थान मिला, जबकि इटली के फाबियो फोगनिनि 14वें स्थान से खिसक कर 15वें स्थान पर आ गए। रूस के कारेन खाचानोव सात स्थान की छलांग के साथ शीर्ष-20 में जगह बनाने में सफल हुए।
विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने डब्ल्यूटीए रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि चोट के कारण डब्ल्यटीए फाइनल्स से नाम वापस लेने वाली रोमानिया की सिमोना हालेप शीर्ष स्थान पर कायम हैं। डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियाकी तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।