विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

6 सप्ताह बाद राफेल नडाल ने की टेनिस कोर्ट पर वापसी, लेकिन पहले ही मैच में मिली हार

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Thu, 18 Aug 2022 08:25 PM (IST)

राफेल नडाल की चोट से उबरने के बाद टेनिस कोर्ट पर वापसी यादगार नहीं रही और उन्हें वेस्टर्न एंड सदर्न ...और पढ़ें

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल (एपी फोटो)
दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल (एपी फोटो)

मैसन, एजेंसी। राफेल नडाल की चोट से उबरने के बाद टेनिस कोर्ट पर वापसी यादगार नहीं रही और उन्हें वेस्टर्न एंड सदर्न ओपन टूर्नामेंट में बोर्ना कोरिक के हाथों तीन सेट तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। कोरिक ने इस स्पेनिश स्टार को 7-6 (9), 4-6, 6-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुषों में रिकार्ड 22 ग्रैंडस्लैम चैंपियनशिप जीतने वाले नडाल छह जुलाई के बाद पहली बार कोर्ट पर उतरे थे। वह यूएस ओपन से पहले तैयारियों के लिए इस टूर्नामेंट में खेल रहे थे। यहां दूसरी वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर के खिलाड़ी 36 वर्षीय नडाल पूरी तरह से फिट नजर आए। यह मैच दो घंटे और 51 मिनट तक चला और इस बीच नडाल को फिटनेस से संबंधित कोई परेशानी नहीं हुई। 152वीं रैंकिंग के कोरिक का सामना अब स्पेन के रोबर्टो बतिस्ता अगुत से होगा। अगुत ने मार्कोस गिरोन को 6-3, 6-3 से हराया।

मरे को मिली हार : तीन बार के ग्रैंडस्लैम विजेता ब्रिटेन के एंडी मरे को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें ब्रिटेन के ही कैमरून नोरी ने 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। इसके अलावा टेलर फ्रिट्ज ने विंबलडन के उपविजेता निक किर्गियोस को 6-3, 6-2 से हराया, जबकि 19 वर्षीय बेन शेल्टन ने पांचवीं रैंकिंग के खिलाड़ी कैस्पर रूड को उलटफेर का शिकार बनाया।

राडूकानू की अजारेंका पर एकतरफा जीत

यूएस ओपन चैंपियन एम्मा राडुकानु ने वेस्टर्न एंड सदर्न ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में विक्टोरिया अजारेंका सीधे सेटों में करारी शिकस्त देकर अपना विजय अभियान जारी रखा। पहले दौर में सेरेना विलियम्स को हराने वाली 19 वर्षीय राडूकानू ने अजारेंका को 6-0, 6-2 से हराकर यूएस ओपन के लिए अपनी पुख्ता तैयारियों का सबूत पेश किया। राडूकानू ने अजारेंका के विरुद्ध पहले 10 गेम जीते। उनका अगला मुकाबला आठवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला से होगा।

हालेप चोट के कारण हटीं : छठी वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से हट गई हैं। पिछले सप्ताह टोरंटो में खिताब जीतने वाली हालेप के हटने से वेरोनिका कुदेरमेतोवा अगले दौर में पहुंच गईं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।