Pen Drive का इस्तेमाल करना पड़ा भारी, 1 साल की जेल के साथ लगा 42 लाख का जुर्माना
अमेरिका में एक भारतीय छात्र को USB Pen Drive के इस्तेमाल करने की वजह से 12 महीने की जेल और लगभग 42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है
नई दिल्ली, टेक डेस्क। अगर आपको ये कहा जाए कि USB Pen Drive इस्तेमाल करने पर आपको जेल जाना पड़ेगा तो आप चौंक जाएंगे, लेकिन ऐसा ही चौंकाने वाला वाक्या अमेरिका के न्यूयार्क से आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक भारतीय छात्र को USB Pen Drive के इस्तेमाल करने की वजह से 12 महीने की जेल और लगभग 42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। न्यूयार्क के सेंट रोज कॉलेज में पढ़ने वाले आंध्र प्रदेश के विश्वनाथ अकूथोटा पर कॉलेज प्रशासन की तरफ से $58,471 (लगभग Rs 41, 74, 975) का जुर्माना लगाया गया है।
रिपोर्ट्स की मानें तो 27 वर्षीय विश्वनाथ ने कॉलेज से MBA और CIS की पढ़ाई की थी। उस पर 14 फरवरी 2019 को ये आरोप लगा था कि उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए USB Pen Drive से कॉलेज के 66 से ज्यादा कम्प्यूटर प्रभावित हुए थे। इस USB Killer Pen Drive की वजह से कई कम्प्यूटर्स के मॉनिटर्स भी खराब हो गए थे। जांच में यह भी पाया गया कि विश्वनाथ के द्वारा इस्तेमाल किए गए इस USB Pen Drive की वजह से ऑन-बोर्ड कैपेसिटर लगातार चार्ज और डिस्चार्ज हो रहे थे।
अमेरिकी अटर्नी ऑफिसर ने यह भी कहा कि इस USB Pen Drive की वजह से USB पोर्ट और इलेक्ट्रिकल सिस्टम भी बर्बाद हुए हैं। आंध्र प्रदेश निवासी विश्वनाथ अमेरिका में स्टूडेंट वीजा पर रह रहा है। उसे नार्थ कैरोलिना से 22 फरवरी को कस्टडी में लिया गया है। इनवेस्टिगेशन के लिए अमेरिकी प्रशासन ने कई तरह के सबूत इकठ्ठा किए, जिनमें कॉलेज के CCTV फुटेज भी शामिल है। प्रशासनिक अधिकारी ने ये भी बताया है कि विश्वनाथ ने कोर्ट में ये कबूल किया कि उसने USB Killer 2.0 डिवाइस का इस्तेमाल किया है। इस घटना की वीडियो भी कोर्ट में सबूत के तौर पर जमा की गई है।