स्मार्टवॉच से कई कदम आगे! आ गया ब्रेन ब्लड फ्लो ट्रैक करने वाला Temple, 1 नवंबर से प्री-ऑर्डर शुरू
स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड्स के बाद अब हेल्थ-टेक की दुनिया में एक यूनिक गैजेट दस्तक देने जा रहा है। Zomato ...और पढ़ें

Zomato को-फाउंडर का नया हेल्थ डिवाइस Temple.
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। स्मार्टवॉच और फिटबिट जैसे गैजेट्स के बाद जो आपकी रोजमर्रा की सेहत पर नजर रखते हैं, Zomato के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल ने अब दिमाग की सेहत ट्रैक करने वाला एक नया ब्रेन-मॉनिटरिंग वियरेबल डिवाइस डेवलप किया है। इसका नाम Temple है और ये दिमाग में सेरेब्रल ब्लड फ्लो को ट्रैक करने में मदद करता है। ये नया वियरेबल अलग-अलग बैच में शिप किया जाएगा और इसके पहले बैच के प्री-ऑर्डर्स 1 नवंबर से शुरू होने वाले हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए एक स्क्रीनशॉट के मुताबिक, प्री-ऑर्डर्स आधिकारिक तौर पर खुलने से पहले ही कुछ चुनिंदा यूजर्स को इसे खरीदने के लिए अर्ली बर्ड एक्सेस मिलना शुरू हो गया है। इस ईमेल से डिवाइस की संभावित कीमत का भी खुलासा हुआ है। आइए जानते हैं Temple के पहले वर्जन को लेकर अब तक सामने आई सभी बातें।
Temple की कीमत
X पर तरुण एम द्वारा शेयर किए गए ईमेल के अनुसार, Temple के पहले बैच की कीमत 85,000 रुपये होगी, जिसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन की कीमत भी पहले से शामिल है। ध्यान देने वाली बात ये है कि ये ईमेल सीमित यूजर्स को भेजा गया एक अर्ली बर्ड इनवाइट है, जिसके जरिए वे आम लोगों के लिए प्री-ऑर्डर शुरू होने से पहले ही Temple ऑर्डर कर सकते हैं।
इस ईमेल में सेलेक्टेड यूजर्स को खरीदारी करने के लिए Temple एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया है और ये भी कन्फर्म किया गया है कि पहले बैच में डिवाइसेज की संख्या काफी सीमित रहेगी। हालांकि, ये भी याद रखना जरूरी है कि मेकर्स ने अभी तक इस वियरेबल की आधिकारिक लॉन्च कीमत का खुद से औपचारिक एलान नहीं किया है।
Six colors for the launch edition of @temple Pre-orders open soon - hopefully next week; just need certainty on a couple more items. Folks on early access waitlist get priority access. Join the waitlist at https://t.co/XxGR9Hpq58 Can’t wait to get this 𝗂̶𝗇̶ ̶𝗒̶𝗈̶𝗎̶𝗋̶ ̶𝗁̶𝖺̶𝗇̶𝖽̶𝗌̶ on your temple 😄
— Deepinder Goyal (@deepigoyal) October 1, 2026
प्री-ऑर्डर डेट्स और उपलब्धता
इस अपकमिंग वियरेबल डिवाइस के बैच 1 के प्री-ऑर्डर्स 1 नवंबर 2026 से शुरू होने तय हैं। बड़े पैमाने पर लॉन्च से पहले चुनिंदा यूजर्स को Temple एप के जरिए ऑर्डर देने का इनविटेशन दिया गया है। कंपनी ने ये भी साफ किया है कि पहले बैच में सीमित यूनिट्स ही मिलेंगी और हर यूनिट को ऑर्डर मिलने पर हैंडमेड तरीके से तैयार किया जाएगा।
जिन यूजर्स को इनविटेशन मिला है, उन्हें अर्ली एक्सेस पाने के लिए Temple एप डाउनलोड करके उसी ईमेल एड्रेस से साइन-इन करने को कहा गया है जिस पर इनवाइट आया था।
इसके अलावा दीपिंदर गोयल ने पहले पुष्टि की थी कि Temple छह प्रीमियम कलर्स में उपलब्ध होगा, जिनमें ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड, ब्लैक मिरर, रियल जेड, डीप ब्लू और पर्पल फंक शामिल हैं। अर्ली एक्सेस की जानकारी ये भी बताती है कि रियल जेड, डीप ब्लू और पर्पल फंक इसके लिमिटेड-एडिशन ऑप्शन्स होंगे।
Temple क्या है और ये कैसे काम करता है?
Temple एक ऐसा वियरेबल डिवाइस है जिसे सेरेब्रल ब्लड फ्लो- यानी दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलावों को ट्रैक करने के लिए डिजाइन किया गया है। एक आम स्मार्टवॉच की तरह जो सिर्फ स्टेप्स, हार्ट रेट और स्लीप ट्रैक करती है, Temple ऑप्टिकल सेंसर्स का इस्तेमाल करके सीधे दिमाग के ब्लड फ्लो से जुड़े बदलावों को मेजर करता है। कंपनी इस खास टेक्नोलॉजी को 'BrainFlow' कहती है।
ये डिवाइस सिर के एक तरफ माथे और कान के बीच वाले हिस्से पर बैठता है। इसे त्वचा पर चिपकाने के लिए सिंगल-यूज एडहेसिव स्ट्रिप्स का इस्तेमाल किया जाता है, जिन्हें 'Grips' कहा जाता है। ये 1 से लेकर 250 के बीच एक एंट्रॉपी स्कोर भी जनरेट करता है, जो शरीर के फिजिकल और मेंटल स्ट्रेन को दर्शाता है। आपकी नींद, एक्सरसाइज, तनाव और कैफीन का इस स्कोर पर सीधा असर पड़ सकता है। Temple ये भी स्टडी करता है कि ग्रेविटी और उठने-बैठने का पॉस्चर आपके दिमाग के ब्लड फ्लो को कैसे प्रभावित करता है। ध्यान रहे कि इसे सिर्फ वेलनेस और रिसर्च के मकसद से तैयार किया गया है, किसी मेडिकल डायग्नोसिस या इलाज के लिए नहीं।
