DATA STORY: स्मार्टफोन बाजार में चीन को कड़ी टक्कर दे रहा भारत, अमेरिका, जापान और रूस को पछाड़ा
भारत में स्मार्टफोन धारकों की संख्या में भविष्य में बड़ा इजाफा होगा। इसकी वजह भारत में अभी चीन अमेरिका की तुलना में कम स्मार्टफोन धारकों का होना है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कुल आबादी में अभी 31.8 फीसद लोगों के पास ही स्मार्टफोन की मौजूदगी है।
नई दिल्ली, अनुराग मिश्र। स्मार्टफोन बाजार में फिलहाल चीन का दबदबा है लेकिन बीते कुछ सालों में भारत ने इस बाजार में अपनी धमक दिखाई है। अगर आंकड़ों के लिहाज से देखें तो चीन के बाद भारत स्मार्टफोन का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। अमेरिका, रूस और जापान जैसे देशों के कुल संख्या को जोड़ दिया जाए तब यह भारत के स्मार्टफोन बाजार की बराबरी कर पाते है।
न्यूजो की रिपोर्ट की मानें तो भारत में स्मार्टफोन 439.42 मिलियन लोग स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं। जबकि चीन में 911.92 मिलियन लोग स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं। अमेरिका में जहां 270 मिलियन, इंडोनेशिया में 160.23 मिलियन, ब्राजील में 109.34 मिलियन, रूस में 99.93 मिलियन, जापान में 75.77 मिलियन, मैक्सिको में 70.14 मिलियन लोग स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं। जर्मनी में 61.37 मिलियन, ब्रिटेन में 53.58 मिलियन, बांग्लादेश में 53.3 मिलियन, ईरान में 52.81 मिलियन, तुर्की में 52.06 मिलियन स्मार्टफोन धारक है। पाकिस्तान में 40.59 मिलियन स्मार्टफोन धारक है।
भारत में और बढ़ेंगे स्मार्टफोन
रिपोर्ट के अनुसार भारत में स्मार्टफोन धारकों की संख्या में भविष्य में बड़ा इजाफा होगा। इसकी वजह भारत में अभी चीन, अमेरिका की तुलना में कम स्मार्टफोन धारकों का होना है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कुल आबादी में अभी 31.8 फीसद लोगों के पास ही स्मार्टफोन की मौजूदगी है। वहीं चीन और अमेरिका में कुल जनसंख्या में 63.4 फीसद और 81.6 फीसद के पास स्मार्टफोन की उपलब्धता है। लोगों के पास स्मार्टफोन की उपलब्धता के मामले में पाकिस्तान काफी पीछे है। वहां पर कुल आबादी में 18.4 फीसद के पास स्मार्टफोन है।
मोबाइल फोन से चिपके रहते हैं भारतीय
दुनिया भर में भारतीय फोन से सबसे अधिक चिपके रहते हैं। इरिक्सन की मोबिलिटी रिपोर्ट के अनुसार 2019 में भारत में औसतन 12 जीबी डाटा प्रति व्यक्ति इस्तेमाल करता था, जो 2020 और 2021 में लगातार बढ़ रहा है। उत्तरी अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में भारत के मुकाबले यह दर कम है।
रिपोर्ट के अनुसार 2019 में जहां भारत में औसतन एक माह में12 जीबी डाटा प्रति व्यक्ति प्रयोग करता है। वहीं 2020 में यह आंकड़ा 13.3 जीबी डाटा प्रति व्यक्ति हो गया। 2021 में यह आंकड़ा 18 जीबी डाटा प्रति व्यक्ति इस्तेमाल करता है। उत्तरी अमेरिका में जहां 2019 में प्रति व्यक्ति एक माह में 8.3 जीबी डाटा की खपत करता था जो 2020 में बढ़कर 11.8 हो गई। 2021में इसके 15 जीबी का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। पश्चिमी यूरोप में जहां 2019 में जहां 7.5 जीबी डाटा प्रति व्यक्ति एक माह खपत थी जो 2020 में 11जीबी से अधिक हो गई। 2021 में इसके 14.98 जीबी हो जाने की संभावना है। मध्य और पूर्वी यूरोप में 2019 में जहां प्रति व्यक्ति एक माह में डाटा की खपत 5.1 थी जो 2020 में 7.3 हो गई। 2021 में इसके 9.6 जीबी होने की उम्मीद है। साउथ ईस्ट एशिया में जहां 2019 में प्रति व्यक्ति एक माह डाटा की खपत 4.74 जीबी थी जो 2020 में 7.6 जीबी हो गई। 2021 में इसके 10.26 हो जाने की संभावना है। इस रिपोर्ट के आधार पर कहा गया है कि भारतीय यूरोप और उत्तरी अमेरिका की तुलना में स्मार्ट फोन में अधिक समय बिताते हैं।