Reliance Jio COVID-19 सिम्प्टम चेकर टूल से हुआ डाटा लीक, सामने आई निजी जानकारियां
Reliance Jio COVID-19 Symptom Checker Tool को मार्च में लॉन्च किया गया था इस टूल के डाटा लीक की जानकारी सामने आ रही है। (फोटो साभार- Jio)
नई दिल्ली, टेक डेस्क। यूजर्स की निजी जानकारियां लीक करने वाली कंपनियों में Reliance Jio का भी नाम जुड़ गया है। Reliance Jio ने इस साल मार्च में कोरोनावायरस के लिए सिम्प्टम चेकर टूल लॉन्च किया था। इस टूल में यूजर्स द्वारा अपलोड की गई COVID-19 टेस्ट की जानकारियां बिना पासवर्ड के लीक हो गई हैं। TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक, इस COVID-19 Symptom Checker Tool में सिक्युरिटी लैप्स की वजह से कोर डाटाबेस लीक हो गया है, जिसमें यूजर्स के COVID-19 टेस्ट रिजल्ट बिना पासवर्ड के सामने आ गए। हालांकि, Reliance Jio ने बाद में डाटा में आई गड़बड़ी को ठीक कर लिया है।
TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक, सिक्युरिटी रिसर्चर अनुराग सेन ने 1 मई को इस डाटा लीक के बारे में रिपोर्ट करने के लिए पब्लिशर से संपर्क किया। इस बग रिपोर्ट के बाद Reliance Jio ने डाटा को ऑफलाइन कर दिया। इस टेस्ट रिपोर्ट में यूजर और उनके रिश्तेदार की उम्र, जेंडर आदि की जानकारियां शामिल थीं। साथ ही, प्रोफाइल क्रिएट करने के लिए दर्ज की गई सभी जानकारियां भी ऑनलाइन लीक हो गई थी। यही नहीं, इसके अलावा COVID-19 से जुड़े हुए हेल्थ संबंधी जानकारियां भी इसमें शामिल थी।
कुछ केस में यूजर्स के लोकेशन के बारे में भी जानकारियां शामिल थीं, जिनमें शहर का नाम भी दर्ज था। लीक हुए डाटा में ज्यादातर जानकारियां मुंबई और पुणे के यूजर्स की थीं, जबकि कुछ रिकॉर्ड्स में तो नॉर्थ अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम भी लोकेशन में दर्ज थे। यूजर्स की जानकारियां सामने आने के बाद Reliance Jio के प्रवक्ता ने बताया कि हमने डाटा को ऑफलाइन ले लिया है। हमने बग रिपोर्ट करने के तुरंत बाद ही इस पर कारवाई की। लॉगिंग सर्वर को हमारे वेबसाइट के परफॉर्मेंस को मॉनिटर करने के लिए अप किया गया था, जिसका उदेश्य सेल्फ चेक के जरिए COVID-19 के लक्षण के बारे में पता लगाना था।