क्या होता है 'मोये मोये' और 'पुकी' का मतलब? भारतीयों ने इस साल ये सब किया सर्च
गूगल हर बार साल के अंत में अपने सर्च रिजल्ट की जानकारी देता है। एक बार फिर गूगल ने साल 2024 के लिए टॉप सर्च रिजल्ट और ट्रेडिंग टॉपिक्स की लिस्ट जारी की है। गूगल ने मंगलवार को ब्लॉग में बताया कि भारतीयों ने इस साल फिल्म खेल और लोकप्रिय मीम्स के साथ-साथ व्यंजनों म्यूजिक पर्यटक स्थलों के बारे में भी खूब सर्च किया।

जेएनएन,नई दिल्ली। गूगल पर इस साल स्त्री 2, कल्कि 2898 ई., 12वीं फेल जैसी फिल्में काफी सर्च की गईं। भारतीय IPL, विश्व कप और चुनाव परिणामों को जानने के लिए काफी उत्सुक दिखे। गूगल ने मंगलवार को ब्लॉग में बताया कि भारतीयों ने इस वर्ष फिल्म, खेल और लोकप्रिय मीम्स के साथ-साथ व्यंजनों, म्यूजिक, पर्यटक स्थलों के बारे में भी खूब जानकारी खोजी। मिर्जापुर और बिग बॉस 17 जैसे शो ट्रेडिंग में भी रहे। इस साल लोगों ने मोये मोये जैसे शब्द के मतलब भी खोजे।
इससे भारतीयों की विविधता और जीवंतता प्रदर्शित हुई। इंडियन प्रीमियर लीग, टी20 विश्व कप, ओलंपिक, प्रो कबड्डी लीग और इंडियन सुपर लीग के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया गया। इस वर्ष 10 ट्रेंडिंग सर्च में से पांच खेल जगत से हैं। विनेश फोगाट, हार्दिक पंड्या, शशांक सिंह, अभिषेक शर्मा और लक्ष्य सेन सबसे लोकप्रिय शख्सियत रहे।
चुनावों में भी रही लोगों की दिलचस्पी
भाजपा और कांग्रेस के बारे में भी खूब सर्च किया गया। लोगों ने मौसम और स्वास्थ्य के बारे में भी चिताएं जताईं। 'अत्यधिक गर्मी' और 'मेरे निकट एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक)' की खोज भी ट्रेंड में रही। मनोरंजन से संबंधित सर्च में स्त्री 2, कल्कि 2898 ईं, 12वीं फेल, लापता लेडीज और हनु-मन सबसे ज्यादा सर्च की गईं फिल्में रहीं।
चर्चित वेब शो
हीरामंडी, मिर्जापुर, बिग बॉस 17 और पंचायत जैसे वेब शो सर्चिंग के ट्रेंड में रहे। लोगों ने नादानियां और हुस्न जैसे हिट्स को गुनगुनाया, जबकि ये तूने क्या किया और ये रातें ये मौसम जैसे पुराने जमाने के पसंदीदा गीतों ने धूम मचा दी। नादानियां, हुस्न, इलुमिनाती और काची सेरा जैसे गाने गूगल पर 'हम टू सर्च' फीचर के साथ सबसे ज्यादा देखे गए।
इस साल का शीर्ष ट्रेंडिंग मीम रिश्तों की परख के बारे में था, जिसमें 'आरेंज पील थ्योरी' मीम था। नई 'आरेंज पील थ्योरी' को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसके जरिये आप जान सकते हैं कि आप जिस इंसान के साथ हैं, वह आपसे वाकई प्यार करता है या फिर सिर्फ दिखावा करता है। 'थ्रोनिंग डेटिंग' सबसे अधिक ट्रेंडिंग डेटिंग-संबंधी खोज के रूप में उभरी। लोगों ने 'पुकी,' 'डेम्योर,' और 'मोये मोये' के अर्थ खोजे।
मतदान कैसे करें
लोग फलस्तीन संघर्ष के बारे में जानने को भी उत्सुक रहे। इस बीच, लोकसभा चुनावों के कारण लोगों ने राजनीति के बारे में खूब सर्च किया। 'लोकसभा में मतदान कैसे करें' गूगल में सर्वाधिक सर्च किया जाने वाला प्रश्न रहा। घूमने की चाहत में भारतीयों ने बाली के समुद्र तटों से लेकर अजरबैजान की सड़कों की खोज की। मनाली और जयपुर के बारे में भी लोगों ने सर्च किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।