टेलीकॉम सेक्टर में ग्रोथ: जून में ग्राहकों की संख्या 134.8 करोड़ पार, एयरटेल और जियो का दबदबा
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में देश में टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स की संख्या थोड़ी बढ़कर 134.8 करोड़ हो गई। इसमें भारती एयरटेल और रिलायंस जियो के नेटवर्क पर नए सब्सक्राइबर्स के जुड़ने का अहम योगदान रहा।
-1785254722589_m.webp)
जून में भारत का टेलीकॉम सब्सक्राइबर बेस 134.8 करोड़ तक पहुंच गया।
पीटीआई, नई दिल्ली। देश में दूरसंचार ग्राहकों की संख्या जून में मामूली बढ़कर 134.8 करोड़ हो गई। इसमें भारती एयरटेल और रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या में शुद्ध बढ़ोतरी सबसे ज्यादा रही। दूरसंचार नियामक (ट्राई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारती एयरटेल ने मई की तुलना में जून में सबसे ज्यादा 31.63 लाख नए ग्राहक जोड़े। इनमें 29.89 लाख मोबाइल और 1.73 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं।
इसके बाद रिलायंस जियो का स्थान रहा, जिसने कुल 22.91 लाख नए ग्राहक जोड़े। इनमें 21.46 लाख मोबाइल और 1.44 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं। जून में जुड़े कुल 62 लाख नए ग्राहकों में से एयरटेल और जियो की संयुक्त हिस्सेदारी 54.54 लाख यानी करीब 87 प्रतिशत रही। जून की रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल टेलीफोन कनेक्शन की संख्या मई, 2026 के अंत के 134.31 करोड़ से बढ़कर जून, 2026 के अंत में 134.80 करोड़ हो गई, जो मासिक आधार पर 0.37 प्रतिशत की वृद्धि है।
जून में कुल ‘वायरलेस कनेक्शन’ बढ़कर 130 करोड़ हो गए जो मई में 129.4 करोड़ थे। इनमें 114.7 करोड़ उपभोक्ता सिम, 13.47 करोड़ एम2एम (मशीन-टू-मशीन) सिम और 1.78 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन शामिल हैं। वोडाफोन आइडिया ने जून में 1.63 लाख नए ‘वायरलेस’ ग्राहक जोड़े।

बीएसएनएल ने समीक्षाधीन महीने में 94,006 नए ग्राहक जोड़े। एमटीएनएल ने जून में 11,284 मोबाइल ग्राहक गंवाए। मई की तुलना में जून में ‘वायरलाइन’ ग्राहकों की संख्या 1.67 प्रतिशत घटकर 4.78 करोड़ रह गई, जो मई में 4.86 करोड़ थी। इसका मुख्य कारण बीएसएनएल के 7.96 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहकों का घटना रहा।
फिक्स्ड लाइन श्रेणी में केवल एयरटेल, रिलायंस जियो और एसटीपीएल ने नए ग्राहक जोड़े जबकि वोडाफोन आइडिया, एमटीएनएल, एपीएसएफएल, टाटा टेलीसर्विसेज और क्वाड्रेंट सहित अन्य सभी कंपनियों के फिक्स्ड लाइन कनेक्शन घटे। देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या मई के 108 करोड़ से बढ़कर जून में 108.75 करोड़ हो गई। ब्रॉडबैंड श्रेणी में रिलायंस जियो 53.22 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर रही।
इसके बाद भारती एयरटेल के 37.99 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 13 करोड़, बीएसएनएल के 2.7 करोड़ और एट्रिया कन्वर्जेंस के 24.5 लाख ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे।
यह भी पढ़ें: एल्यूमिनियम फॉइल ट्रिक: क्या राउटर पर फॉइल लपेटने से सच में बढ़ती है इंटरनेट स्पीड?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।