यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एंट्री लेवल स्मार्टफोन Gionee Max के खास फीचर्स का खुलासा, आज देगा भारत में दस्तक
Gionee Max आज दोपहर 2 बजे भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा और इसे लेकर अभी तक कई लीक्स व खुलासे सामने आ चुके हैं

नई दिल्ली, टेक डेस्क। फोन निर्माता कंपनी Gionee भारतीय बाजार में धमाकेदार एंट्री करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी आज यानि 25 अगस्त को अपना लो बजट स्मार्टफोन Gionee Max लॉन्च करने वाली है जो कि एक्सक्लूसिवली Flipkart पर उपलब्ध कराया जाएगा। Flipkart पर इस स्मार्टफोन को लेकर एक माइक्रो साइट बनाई गई है जहां इसके लॉन्च की जानकारी दी गई है। Gionee Max आज दोपहर 2 बजे लॉन्च किया जाएगा और सबसे खास बात है कि इस स्मार्टफोन की कीमत को लॉन्च से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया है। यह कंपनी का लो बजट रेंज स्मार्टफोन होगा और इसे 6,000 रुपये से कम कीमत में पेश किया जा सकता है। लॉन्च से पहले Flipkart पर इसके कुछ अन्य फीचर्स का भी खुलासा किया गया है।
Flipkart पर दी गई जानकारी के अनुसार Gionee Max स्मार्टफोन कंपनी का सुपिरियर स्मार्टफोन होगा और इसे दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया जा सकता है। जिसमें 16GB और 32GB इंटरनल मेमोरी उपलब्ध होगी। साथ ही इसमें यूजर्स को 2GB रैम की सुविधा मिलेगी। कंपनी के इस अपकमिंग स्मार्टफोन में 6.1 इंच का एचडी+ डिस्प्ले दिया जाएगा, जिस पर वीडियो और गेमिंग का मजा लिया जा सकता है। फोन की स्क्रीन 2.5D कर्व्ड ग्लास डिजाइन के साथ आएगी।
Flipkart पर दी गई जानकारी में स्पष्ट किया गया है कि Gionee Max में पावर बैकअप के लिए 5,000mAh की बैटरी दी जाएगी। जो कि 28 दिनों का स्टैंडबाय टाइम और 24 घंटे का म्यूजिक, 9 घंटे का मूवी टाइम, 12 घंटे का गेमिंग और 42 घंटे का कॉलिंग टाइम देने में सक्षम है। वैसे अभी इसके कैमरा फीचर्स का खुलासा नहीं किया गया है उसके लिए फोन के लॉन्च का इंतजार करना होगा। हालंकि, Flipkart लिस्टिंग में कुछ ऐप्स के साथ एक कैलेंडर भी दिया गया है और इसमें 'गुरुवार 27' तारीख लिखी हुई है। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह Gionee Max की सेल हो सकती है जो कि 27 अगस्त होगी। क्योंकि 27 अगस्त को गुरुवार भी है।