फ्लाइट में इस पावर बैंक को ले जाने पर लगा बैन, इस्तेमाल कर रहे हैं तो रखें इन बातों का ध्यान
DGCA ने MOBIKINS MK-PB-04 पावर बैंक को फ्लाइट्स में ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला इंडिगो की ...और पढ़ें

फ्लाइट में इस पावर बैंक को ले जाने पर लगा बैन, इस्तेमाल कर रहे हैं तो रखें इन बातों का ध्यान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। मोबाइल की बैटरी खत्म हो जाने पर पावर बैंक काफी काम आता है, लेकिन यही डिवाइस आपकी हवाई यात्रा के वक्त खतरा भी बन सकता है। जी हां, हाल ही में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन यानी DGCA ने MOBIKINS MK-PB-04 मॉडल के पावर बैंक को फ्लाइट्स में ले जाने पर बैन लगा दिया है। इस डिवाइस को अब न तो केबिन बैगेज में ले जाने की परमिशन होगी और न ही इसे चेक-इन लगेज में ले जाया जा सकता है।
दरअसल ये फैसला दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने की घटना के बाद लिया गया है। इस घटना के चलते विमान को हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा और इमरजेंसी लैंडिंग भी करवानी पड़ी। ऐसे में ये जानना जरूरी है कि आखिर पावर बैंक में आग क्यों लगती है और सफर के दौरान इससे बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखें।
क्यों लगती है पावर बैंक में आग?
ज्यादातर पावर बैंक लिथियम-आयन या लिथियम-पॉलिमर बैटरी के साथ आते हैं। इन बैटरियों में ज्यादा एनर्जी स्टोर होती है, लेकिन खराबी आने पर ये हीट होकर आग पकड़ सकते हैं। बैटरी के अंदर टेम्परेचर तेजी से बढ़ने की कंडीशन को थर्मल रनअवे कहा जाता है। इसमें बैटरी की हीट लगातार बढ़ सकती है, जिससे धुआं निकलने, आग लगने या विस्फोट जैसी सिचुएशन भी बन सकती है।

वैसे तो पावर बैंक के हीट होने या आग लगने के पीछे कई कारण हो सकते हैं लेकिन सबसे बड़ी वजह इसकी खराब क्वालिटी की बैटरी होती है। इसके अलावा नकली या घटिया चार्जिंग केबल, ओवरचार्जिंग से जुड़ी खराबी, बैटरी का शॉर्ट सर्किट और डिवाइस को बहुत ज्यादा गर्मी वाली जगह पर रखना भी इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं।
पावर बैंक गिरने, दबने या उसके इंटरनल पार्ट्स को नुकसान पहुंचने से भी बैटरी में खराबी आ सकती है। कभी कभी तो बाहर से नॉर्मल दिखने वाले पावर बैंक भी अंदर से डैमेज हो सकते हैं जिसकी वजह से ऐसी कंडीशन में वे आग पकड़ सकते हैं।
पावर बैंक यूज करते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
अच्छी क्वालिटी का पावर बैंक लें
हमेशा अच्छे ब्रांड का पावर बैंक लें और उसकी बैटरी कैपेसिटी, सेफ्टी इनफार्मेशन और जरूरी सर्टिफिकेशन की जांच करें। बेहद सस्ते और बिना किसी स्पष्ट ब्रांड या जानकारी वाले प्रोडक्ट खरीदने से बचें।
चार्जिंग के वक्त तापमान पर नजर रखें
अगर पावर बैंक नॉर्मल से ज्यादा हीट हो रहा है, तो उसे यूज करना बंद कर दें। अगर उसमें से अजीब गंध आ रही है या वो फूल गया है या धुआं निकल रहा है, तो उसे दोबारा गलती से भी चार्ज न करें।
सही केबल और चार्जर का यूज
खराब या डैमेज केबल बैटरी और चार्जिंग सिस्टम में दिक्कत पैदा कर सकती है। इसलिए पावर बैंक को चार्ज करने के लिए मैन्युफैक्चरर की तरफ से सुझाए गए या अच्छे चार्जर का यूज करें।
धूप और गर्मी से बचाएं
पावर बैंक को लंबे वक्त तक कार के डैशबोर्ड, सीधी धूप या किसी गर्म जगह पर न रखें। गर्म एनवायरनमेंट बैटरी का तापमान बढ़ा सकता है और इसकी वजह से इसमें खराबी का जोखिम बढ़ा सकता है।
डैमेज पावर बैंक न करें यूज
अगर पावर बैंक गिरने के बाद कहीं से टूट गया है, फूलने लगा है या उसका कवर अब ओपन हो गया है, तो उसे यूज करना बंद कर दें। बैटरी को खुद खोलने या ठीक करने का ट्राई न करें।
यह भी पढ़ें- 7,200 mAh बैटरी वाले Vivo के नए 5G फोन की सेल शुरू, 144Hz AMOLED डिस्प्ले और स्नैपड्रैगन प्रोसेसर
