फोन 3 लाख का और स्क्रीन रिपेयर 1.5 लाख की! सामने आया iPhone Duo का रिपेयरिंग कॉस्ट, देखें पूरी लिस्ट
Apple ने सितंबर में अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo लॉन्च किया था, जो करीब 3 लाख रुपये की शुरुआती ...और पढ़ें

Apple iPhone Duo का रिपेयरिंग खर्च आया सामने।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Apple ने सितंबर में अपने पहले फोल्डेबल के तौर पर iPhone Duo लॉन्च किया था और ये अब तक का सबसे महंगा iPhone है। भारत में इस हैंडसेट की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है, जो लगभग 3 लाख रुपये के आंकड़े को छूती है। भले ही इसके प्री-ऑर्डर्स अभी शुरू होने बाकी हैं, लेकिन iPhone Duo को रिपेयर कराना भी उतना ही महंगा साबित हो सकता है। Apple ने इस फोल्डेबल फोन के रिपेयरिंग खर्च का खुलासा कर दिया है, जिससे साफ पता चलता है कि वारंटी खत्म होने के बाद एक बार की रिपेयरिंग में भी इसकी ओरिजिनल कीमत का एक बड़ा हिस्सा खर्च हो सकता है।
iPhone Duo का रिपेयरिंग कॉस्ट
Apple Support वेबसाइट पर लिस्टेड रिपेयर चार्जेस के मुताबिक, इनर डिस्प्ले का डैमेज iPhone Duo के लिए सबसे महंगा रिपेयर है, जिसकी कीमत 1,49,900 रुपये तय की गई है। ये इस फोल्डेबल फोन की शुरुआती कीमत का लगभग आधा है और पूरे एक नए iPhone 18 Pro की कीमत के काफी करीब है। रेफरेंस के लिए बता दें कि भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये है।
बाकी रिपेयरिंग के कॉस्ट भी तेजी से जेब पर भारी पड़ सकते हैं, जिनके चार्ज कवर लेयर डैमेज के लिए 5,900 रुपये से लेकर 'अदर डैमेज' के लिए 2,24,900 रुपये तक जाते हैं।
Apple कवर लेयर डैमेज रिपेयर करने के लिए 5,900 रुपये और बैक ग्लास डैमेज के लिए 20,900 रुपये चार्ज करता है। बैटरी सर्विस की कीमत 24,900 रुपये है, जबकि रियर कैमरा डैमेज का खर्च 26,900 रुपये तय किया गया है। आउटर डिस्प्ले को ठीक कराने का खर्च 42,900 रुपये है। हालांकि, अगर आउटर डिस्प्ले और बैक ग्लास दोनों डैमेज होते हैं, तो ये खर्च बढ़कर 55,900 रुपये हो सकता है।
इनर डिस्प्ले को बदलवाने की लागत 1,49,900 रुपये है, जबकि दूसरे गंभीर डैमेज होने पर 2,24,900 रुपये तक का चार्ज लग सकता है।

AppleCare प्लान और सर्विस फीस
भविष्य में डैमेज रिपेयर के भारी खर्च से बचने के लिए ज्यादातर यूजर्स को AppleCare सब्सक्रिप्शन लेने की सलाह दी जाती है, लेकिन iPhone Duo के लिए मेंटेनेंस प्लान खुद काफी महंगा है। इसकी कीमत 51,900 रुपये है। ये प्लान गिरने और लिक्विड गिरने जैसी इंसिडेंट समेत एलिजिबल एक्सीडेंटल डैमेज के लिए अनलिमिटेड रिपेयर और Apple एक्सपर्ट्स से प्रायोरिटी सपोर्ट ऑफर करता है। हालांकि, प्लान के तहत कवर किए गए हर इंसिडेंट के लिए एक सर्विस फीस चुकानी होती है। चोरी या गुम होना इस कवरेज में शामिल नहीं है।
AppleCare के साथ बैटरी सर्विस कॉस्ट 0 रुपये है। कवर लेयर डैमेज पर 1,900 रुपये की सर्विस फीस लगती है, जबकि बैक ग्लास डैमेज और आउटर डिस्प्ले डैमेज के लिए 2,500-2,500 रुपये का खर्च आता है। इस प्लान के तहत इनर डिस्प्ले रिपेयर कराने पर केवल 8,900 रुपये लगते हैं, जबकि बिना प्लान के यही खर्च 1,49,900 रुपये है। दूसरे एक्सीडेंटल डैमेज पर भी 8,900 रुपये की फीस लगती है, जबकि लिस्टेड थेफ्ट या लॉस फीस 15,900 रुपये है।
लेकिन AppleCare प्लान के लिए 50,000 रुपये से ज्यादा का प्रीमियम चुकाने के बाद भी रिपेयरिंग खर्चों में अंतर बहुत बड़ा है- खासकर इनर स्क्रीन के मामले में। स्क्रीन रिप्लेसमेंट के लिए करीब 1.5 लाख रुपये देने के बजाय, AppleCare वाले कस्टमर्स को कवर किए गए मामले में सिर्फ 8,900 रुपये ही देने होंगे।
