विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5जी के महंगे होने से 4जी स्मार्टफोन की बिक्री में आई तेजी, पिछले साल दर्ज हुई 48 प्रतिशत की गिरावट

Published: Mon, 28 Sep 2026 07:41 PM (IST)

महंगे 5जी फोन के कारण 4जी स्मार्टफोन की बिक्री में रिकवरी दिख रही है, काउंटरपॉइंट रिसर्च ने इस साल थोक बिक्री में 3% वृद्धि का अनुमान लगाया है।

4जी स्मार्टफोन की बढ़ रही मांग

4जी स्मार्टफोन की बढ़ रही मांग

HighLights

  1. थोक बिक्री में साल-दर-साल तीन प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद

  2. 2025 में 4जी की बिक्री में 48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी

  3. उपभोक्ता कम कीमत पर बेहतर फीचर्स के लिए 4जी चुन रहे।

पीटीआई, नई दिल्ली। 5जी स्मार्टफोन के महंगे होने से चालू कैलेंडर वर्ष में 4जी स्मार्टफोन की बिक्री में रिकवरी का संकेत दिख रहा है। काउंटरपाइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, थोक बिक्री में साल-दर-साल तीन प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। 2025 में 4जी स्मार्टफोन की बिक्री में 48 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। कुल बाजार में 4जी स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 2025 के 11 प्रतिशत से बढ़कर 2026 में 13 प्रतिशत और 2027 में अनुमानित 15 प्रतिशत हो सकती है।

महंगे कलपुर्जों की लागत बढ़ने से 4जी और 5जी स्मार्टफोन के बीच कीमत का अंतर बढ़ गया है, जिससे उपभोक्ताओं के लिए 5जी स्मार्टफोन महंगे हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप, 10,000 रुपये से कम और 10,000-20,000 रुपये की श्रेणी के उपभोक्ता कम कीमत में बेहतर फीचर और अधिक मूल्य के लिए 4जी उपकरण का रुख कर रहे हैं।

4जी स्मार्टफोन की बढ़ रही मांग

काउंटरपाइंट के मुताबिक कंपनियां इस मांग को पूरा करने और 5जी फोन के महंगे होने से पैदा हुई कमी को भरने के लिए 10-20 हजार रुपये के दायरे में अपने 4जी स्मार्टफोन खंड का विस्तार कर रहे हैं।

काउंटरपॉइंट रिसर्च के शोध निदेशक तरुण पाठक ने कहा, ‘यह वृद्धि केवल स्मार्टफोन की ऊंची कीमतों की वजह से आया अल्पकालिक बदलाव नहीं है, बल्कि 4जी की भूमिका में व्यापक बदलाव को दर्शाती है। कलपुर्जों की कीमतें जल्द सामान्य होने के आसार नहीं हैं। उपभोक्ता कीमत के मुकाबले फीचर को अधिक महत्व दे रहे हैं, ऐसे में 4जी की प्रासंगिकता शुरुआती स्तर की श्रेणी से आगे बढ़ रही है, खासकर 20,000 रुपये से कम कीमत वाले खंड में।’

काउंटरपाइंट रिसर्च के वरिष्ठ विश्लेषक प्राचारी सिंह का कहना है कि उपभोक्ता 5जी से जुड़ी अधिक कीमत के बिना बेहतर फीचर व उपकरण अनुभव चाहते हैं। इस बदलाव को देखते हुए कंपनियां शुरुआती स्तर की श्रेणी से आगे अपने 4जी खंड का विस्तार कर रही हैं। वर्ष 2025 में बजट श्रेणी में 4जी मॉडल पेश करने वाली कंपनियों की संख्या केवल दो थी जो 2026 में अब तक बढ़कर 12 हो गई है।

यह भी पढ़ें- Flipkart Big Billion सेल इस दिन से शुरू होगी, Motorola के स्मार्टफोन मिलेंगे बेहद सस्ते