विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फोल्ड या फ्लिप फोन लेने का सोच रहे हैं? इन बातों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

By संतोष आनंदEdited By: Sameer Saini
Published: Wed, 06 May 2026 12:34 PM (IST)

फोल्डेबल और फ्लिप फोन स्मार्टफोन अनुभव को बदल रहे हैं, जो टैबलेट जैसी बड़ी स्क्रीन या स्टाइलिश कॉम्पैक्ट डिजाइन प्रदान करते हैं।

फोल्ड या फ्लिप फोन लेने का सोच रहे हैं? इन बातों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

फोल्ड या फ्लिप फोन लेने का सोच रहे हैं? इन बातों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी


timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। स्मार्टफोन की दुनिया तेजी से बदल रही है। एक समय था जब तकरीबन हर फोन एक जैसा दिखता था- सीधा, पतला और ग्लास बाडी वाला, लेकिन अब फोल्ड और फ्लिप फोन ने इस सोच को बदल दिया है। अब आपका फोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं है, बल्कि एक एक्सपीरियंस बन चुका है, जो खुलकर टैबलेट बन जाता है या फोल्ड होकर छोटा और स्टाइलिश हो जाता है।

लेकिन जितना यह नया फार्म फैक्टर आकर्षक लगता है, उतना ही यह महंगा और थोड़ा जटिल भी है। ऐसे में अगर आप फ्लिप या फोल्ड फोन खरीदने जा रहे हैं, तो सिर्फ डिजाइन देखकर फैसला करना सही नहीं होगा। आपको यह समझना जरूरी है कि यह फोन आपकी जरूरत के हिसाब से सही है या नहीं।

जरूरत Vs लग्जरी

सबसे पहले खुद से ईमानदारी से पूछें कि क्या आप यह फोन जरूरत के लिए खरीद रहे हैं या सिर्फ प्रीमियम गैजेट के आकर्षण में? बुक-स्टाइल फोल्ड फोन असल में प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए बनाए गए हैं। इनमें बड़ा स्क्रीन मिलता है, जिससे आप एक साथ कई एप्स चला सकते हैं,जैसे- एक तरफ ईमेल, दूसरी तरफ डाक्यूमेंट और तीसरी विंडो में ब्राउजर।

यह उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो काम के लिए फोन का ज्यादा उपयोग करते हैं। वहीं फ्लिप फोन ज्यादा स्टाइल और पोर्टेबिलिटी पर फोकस करते हैं। ये छोटे, हल्के और दिखने में अलग होते हैं। अगर आप एक यूनिक और प्रीमियम लुक चाहते हैं, तो फ्लिप फोन आपको जरूर पसंद आएगा।

रिपेयर का खर्च

फोल्डेबल फोन खरीदते समय लोग अक्सर सिर्फ कीमत देखते हैं, लेकिन असली खर्च बाद में रिपेयर का सामने आता है। इन फोन की सबसे खास चीज उनकी फोल्डिंग स्क्रीन और हिंज होती है, जो सामान्य फोन से ज्यादा संवेदनशील होती है। अगर अंदर की स्क्रीन खराब हो जाए, तो उसे बदलवाना काफी महंगा पड़ सकता है,कभी-कभी फोन की कीमत का आधा तक।

इसके अलावा, हर सर्विस सेंटर इसे ठीक नहीं कर सकता है। आपको कंपनी के अधिकृत सेंटर पर ही जाना पड़ता है, जहां समय भी ज्यादा लगता है। इसलिए खरीदने से पहले यह तय करें कि आप इस अतिरिक्त खर्च के लिए तैयार हैं या नहीं।

एप्स और स्क्रीन एक्सपीरियंस

फोल्डेबल फोन का सबसे बड़ा फायदा उसका बड़ा स्क्रीन है, लेकिन हर एप इस स्क्रीन का सही उपयोग नहीं कर पाता है। कई बार वीडियो देखते समय स्क्रीन पर ऊपर-नीचे काली पट्टियां दिखती हैं, क्योंकि कंटेंट का रेशियो अलग होता है।

इससे आपका अनुभव थोड़ा खराब हो सकता है। इसी तरह, कुछ एप्स फुल स्क्रीन में अच्छे से काम नहीं करते है और सिर्फ खिंचकर यानी स्ट्रैच होकर दिखते हैं। इसलिए खरीदने से पहले यह जांचना जरूरी है कि आपके रोजाना उपयोग के एप्स इस फोन पर अच्छे से काम करेंगे या नहीं।

वजन और मोटाई

बुक-स्टाइल फोल्ड फोन सामान्य फोन से ज्यादा भारी और मोटे होते हैं। जब आप इन्हें फोल्ड करते हैं, तो ये और भी मोटे लगते हैं, जिससे जेब में रखना थोड़ा असुविधाजनक हो सकता है। लंबे समय तक फोन पकड़कर उपयोग करने में भी यह भारी लग सकता है, खासकर अगर आपके हाथ छोटे हैं।

फ्लिप फोन इस मामले में बेहतर होते हैं, क्योंकि ये हल्के और कांपैक्ट होते हैं, लेकिन फिर भी, खरीदने से पहले इसे हाथ में लेकर देखना बेहतर रहेगा कि यह आपके लिए कितना आरामदायक है।

कवर डिस्प्ले का महत्व

फोल्ड और फ्लिप फोन में बाहरी स्क्रीन यानी कवर डिस्प्ले भी होती है, जो आपके उपयोग को आसान बनाती है। बुक-स्टाइल फोल्ड फोन में यह लगभग एक सामान्य स्मार्टफोन जैसा होता है, जिससे आप बिना फोन खोले काल, मैसेज और एप्स चला सकते हैं।

वहीं फ्लिप फोन में कवर स्क्रीन पहले छोटी होती थी, लेकिन अब यह काफी बड़ी और उपयोगी हो गई है। आप इसमें नोटिफिकेशन देख सकते हैं, म्यूजिक कंट्रोल कर सकते हैं और कुछ एप्स भी चला सकते हैं। इसलिए यह देखना जरूरी है कि कवर डिस्प्ले आपकी जरूरतों को पूरा करता है या नहीं।

बैटरी लाइफ

फोल्डेबल फोन में बड़ी स्क्रीन होने के बावजूद बैटरी उतनी बड़ी नहीं होती है, क्योंकि अंदर की जगह का बड़ा हिस्सा हिंज ले लेता है। इसका मतलब है कि जब आप बड़ा स्क्रीन उपयोग करते हैं, तो बैटरी जल्दी खत्म हो सकती है। अगर आप हैवी यूजर हैं, जैसे- गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग या मल्टीटास्किंग, तो आपको बार-बार चार्ज करना पड़ सकता है। इसलिए बैटरी लाइफ को नजरअंदाज करना बड़ी गलती हो सकती है।

कैमरा

फोल्डेबल फोन में कैमरा क्वालिटी अच्छी होती है, लेकिन हर बार यह टाप फ्लैगशिप फोन जितनी नहीं होती है। बुक-स्टाइल फोल्ड फोन में जगह ज्यादा होने के कारण बेहतर कैमरा सेटअप मिलता है, जबकि फ्लिप फोन में डिजाइन कांपैक्ट होने की वजह से कुछ सीमाएं होती हैं। अगर आप फोटोग्राफी के शौकीन हैं, तो यह जरूर जांच लें कि कैमरा आपकी उम्मीदों पर खरा उतरता है या नहीं।

हिंज और बिल्ड क्वालिटी

फोल्डेबल फोन की असली ताकत उसका हिंज होता है। यही हिस्सा फोन को बार-बार खोलने और बंद करने में मदद करता है। नए फोन में बेहतर और मजबूत हिंज दिए जा रहे हैं, जो ज्यादा टिकाऊ होते हैं। साथ ही, पानी और धूल से सुरक्षा (IP रेटिंग) भी चेक करना जरूरी है। फिर भी, इन फोन को सामान्य फोन की तुलना में ज्यादा सावधानी से उपयोग करना पड़ता है।

सॉफ्टवेयर और अपडेट सपोर्ट

फोल्डेबल फोन का अनुभव सिर्फ हार्डवेयर पर नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर पर भी निर्भर करता है। अच्छा सॉफ्टवेयर मल्टीटास्किंग को आसान बनाता है और एप्स के बीच स्मूद ट्रांजिशन देता है। साथ ही, कंपनी कितने साल तक अपडेट देगी, यह भी देखना जरूरी है। लंबे समय तक अपडेट मिलने से आपका फोन सुरक्षित और अप-टू-डेट रहता है।

आखिर में फोल्ड और फ्लिप फोन टेक्नोलॉजी के नए युग का हिस्सा हैं। ये आपको एक अलग अनुभव देते हैं, लेकिन हर किसी के लिए जरूरी नहीं हैं। अगर आप काम के लिए बड़ा स्क्रीन और मल्टीटास्किंग चाहते हैं, तो फोल्ड फोन आपके लिए सही है।

अगर आप स्टाइल और पोर्टेबिलिटी चाहते हैं, तो फ्लिप फोन बेहतर विकल्प हो सकता है। सबसे जरूरी बात, ट्रेंड के पीछे भागने के बजाय अपनी जरूरत और बजट को समझें, क्योंकि सही फोन वही है जो आपकी जिंदगी को आसान बनाए, न कि सिर्फ दिखने में अलग लगे।

यह भी पढ़ें- Motorola Razr Fold भारत में जल्द होगा लॉन्च, Flipkart पर लाइव हुई माइक्रोसाइट