9,000 mAh की बैटरी और 50MP कैमरे वाला 5G स्मार्टफोन, कितना दमदार है Poco X8 स्मार्टफोन?
स्मार्टफोन 26,999 रुपये की शुरुआती कीमत में आता है, जिसमें स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 प्रोसेसर और 9000mAh की बैटरी है।

Poco X8 Review : कितना दमदार है Poco X8 स्मार्टफोन?
HighLights
9000mAh की दमदार बैटरी, ढाई-तीन दिन का बैकअप।
स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 चिपसेट से स्मूथ परफॉर्मेंस मिलती है।
मजबूत डिजाइन, गोरिल्ला ग्लास विक्टस2 और IP66+IP68+IP69K रेटिंग।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Poco X8 मिडरेंज में उन खरीदारों के लिए बेहतर हो सकता है, जिन्हें अच्छी बैटरी, मजबूत बिल्ड क्वालिटी और स्मूथ परफॉर्मेंस की जरूरत है। क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 प्रोसेसर वाला यह फोन 30,000 रुपये से कम कीमत में खरीदा जा सकता है।
डिजाइन और डिस्प्ले
इस फोन का डिजाइन पोको के अन्य फोन से थोड़ा अलग है। इसमें वर्टिकल शेप वाला रियर कैमरा सेटअप है। फोन का वजन लगभग 225 ग्राम है। फोन का ऑरेंज कलर काफी आकर्षक है। इसके अलावा ब्लैक और फ्रोस्ट व्हाइट कलर ऑप्शन भी है। एसजीएस 5-स्टार सर्टिफिकेशन होने से फोन क्रैश, ड्रॉप और बेंडिंग रेजिस्टेंट है। कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस2 की लेयर डिस्प्ले को स्क्रैच आदि से सुरक्षित रखती है।
डस्ट और वाटर सुरक्षा के लिए फोन को आइपी66 +आइपी68 +आइपी69 + आइपी69के रेटिंग मिली हुई है। कुल मिलाकर ड्यूरेबिलिटी के मामले में मजबूत और भरोसेमंद है। डिस्प्ले की बात करें तो 2772 x 1280 पिक्सल रेजोल्यूशन के साथ 6.83-इंच एमोलेड स्क्रीन है। फोन में 120हर्ट्ज तक रिफ्रेश का सपोर्ट है। फोन की पीक ब्राइटनेस 3500 निट्स तक है, जिससे तेज धूप में स्क्रीन स्पष्ट दिखती है।
कैमरा
एलइडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 एमपी का मेन कैमरा है, इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन (ओआइएस) तकनीक दी गई है। साथ ही दो एमपी का डेप्थ सेंसर है, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16 एमपी का फ्रंट कैमरा है। रियर कैमरे की फीचर्स की बात करें तो इसमें एचडीआर, पोट्रेट मोड, अल्ट्रा एचडी मोड, पैनोरमा, प्रो मोड जैसे फोटोग्राफी फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, इस रेंज के अन्य फोन में थोड़ा बेहतर कैमरा सेटअप मिलता है। इन कैमरों की परफार्मेंस ठीक है, लेकिन इनसे हाइ क्वालिटी फोटोग्राफी की उम्मीद नहीं की जा सकती है। 16एमपी सेल्फी कैमरा संतोषजनक है।
परफार्मेंस
फोन में 4एनएम स्नैपड्रैगन 6एस जेन4 चिपसेट दिया गया है। यह एंड्रॉयड 16 और हाईपरओएस3 पर आधारित है। यह डेली यूज के लिए परफेक्ट कॉम्बिनेशन है। फोन बहुत स्मूथ चलता है। स्क्रॉलिंग, वीडियो, गेमिंग में सहजता बनी रहती है। फोन में कई सारे बेसिक एआई फीचर्स की सुविधाएं मिलती हैं।
बैटरी
फोन 9000एमएएच की पावरफुल सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो सामान्य यूज पर ढाई से तीन दिन आराम से चल जाती है। फोन में 67वाट का चार्जर दिया दिया गया है। फोन को फुल चार्ज होने में एक घंटे से भी कम समय लगता है। रिवर्स चार्जिंग के चलते इस फोन से अन्य डिवाइसेज को भी चार्ज कर सकते हैं।
निष्कर्ष
फोन की सबसे बड़ी खासियत बड़ी स्क्रीन और सहज परफार्मेंस है। कैमरे की क्वालिटी सामान्य है। सामान्य गेमिंग, फोटो, वीडियो एडिटिंग के लिए भी पर्याप्त है। पोको के इस फोन की शुरुआती कीमत 26,999 रुपये है।
