पॉप-अप कैमरे वाला Huawei Vision Smart TV X65 हुआ लॉन्च, जानें कीमत और उपलब्धता
Huawei Vision Smart TV X65 में यूजर्स को पॉप-अप कैमरे की सुविधा मिलेगी। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मौजूद है जो कि व्यूइंग एक्सपीरियंस को शानदार बनाती है (फोटो साभार JD.Com)
नई दिल्ली, टेक डेस्क। Huawei ने पिछले साल स्मार्ट टीवी मार्केट में कदम रखते हुए Honor Vision और Huawei Vision Smart TV को लॉन्च किया था। वहीं अब कंपनी ने टीवी सेगमेंट का विस्तार करते हुए इसमें नया Huawei Vision Smart TV X65 शामिल किया है। इस टीवी को आधिकारिक तौर पर चीनी मार्केट में लॉन्च कर दिया गया है। खास बात है कि ये कंपनी का पहली टीवी है जिसमें पॉप-अप कैमरा दिया गया है। इसके अलावा अल्ट्रा थिन बॉडी इसकी मुख्य खासियत है। आइए जाने हैं Huawei Vision Smart TV X65 की कीमत और फीचर्स के बारे में।
Huawei Vision Smart TV X65 को फिलहाल चीन में लॉन्च किया गया है और वहां इसकी कीमत CNY 24,999 यानि लगभग 2,70,000 रुपये है। अन्य देशों में इस टीवी के लिए यूजर्स को थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। बता दें कि लॉन्च के साथ ही यह चीन की ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट jd.com पर लिस्ट हो गया है।
Huawei Vision Smart TV X65 के फीचर्स पर नजर डालें तो इसमें यूजर्स को इन-डिस्प्ले साउंड सिस्टम की सुविधा मिलेगी। यह कंपनी का पहला OLED TV है जिसमें 65 इंच का डिस्प्ले और हाई स्क्रीन रेशयो के साथ 4K OLED पैनल दिया गया है। वहीं इसमें अल्टा थिन बॉडी है जिसका साइज केवल 24.9mm है। साथ ही इसमें कुल 14 स्पीकर दिए गए हैं। जिसमें 6 फुल रेंज ड्राइवर्स, 6 ट्वीटर हाई और दो वूफर शामिल हैं।
Huawei Vision Smart TV X65 को Honghu 898 प्रोसेसर पर पेश किया गया है। इसमें 6GB रैम और 128GB इंटरनल मेमोरी दी गई है। इसके अलावा सबसे खास फीचर इसका कैमरा है। इसमें 24MP का पॉप-अप कैमरा दिया गया है जो कि यूजर्स को एक अलग अनुभव प्रदान करेगा। कैमरे की मदद से यूजर्स टीवी पर वीडियो कॉलिंग के अलावा अन्य कैमरा बेस्ड ऐप्स का आनंद ले सकते हैं।