TikTok का भारत में क्रेज, 2019 में यूजर्स ने बिताए 550 करोड़ घंटे
TikTok को भारत ही नहीं दुनिया के 11 से ज्यादा देशों में लोकप्रियता हासिल है। इस ऐप के जरिए यूजर्स एक दूसरे से इंगेज होते हैं। शॉर्ट वीडियो की वजह से इस ऐप को लोग पसंद भी कर रहे हैं
नई दिल्ली, टेक डेस्क। TikTok शॉर्ट वीडियो मेकिंग प्लेटफॉर्म को भारत में आए अभी महज कुछ साल ही हुए हैं। इन कुछ सालों में ही भारतीय यूजर्स के बीच इस वीडियो मेकिंग प्लेटफॉर्म का क्रेज बन गया है। इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके कई सारे छिपे हुए टैलेंट सामने निकल कर आए हैं। इस प्लेटफॉर्म पर कोई भी अपने कला को प्रमोट कर सकता है और लोकप्रिय बनाता है। इस ऐप के जरिए कई ऐसे इंफ्लुएंसर्स और टैलेंट सामने आए हैं जिसे बाद में काफी नेम और फेम मिला है। TikTok की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, साल 2019 में इस ऐप पर भारतीयों ने 550 करोड़ घंटे (5.5 बिलियन घंटे) का समय बिताया है।
App Annie की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर भारतीयों ने 2018 के मुकाबले ज्यादा समय बिताया है। इस ऐप के एक्टिव यूजर्स की संख्या दिसंबर 2019 में 81 मिलियन थी जो कि नवंबर 2019 के मुकाबले 90 प्रतिशत ज्यादा थी। इस शॉर्ट वीडियो मेकिंग प्लेटफॉर्म को चीनी कंपनी ByteDance ने लॉन्च किया है जो कि 2019 में Facebook के बाद दूसरा सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला ऐप है।
इस ऐप को भारत ही नहीं दुनिया के 11 से ज्यादा देशों में लोकप्रियता हासिल है। इस ऐप के जरिए यूजर्स एक दूसरे से इंगेज होते हैं। शॉर्ट वीडियो की वजह से इस ऐप को लोग पसंद भी कर रहे हैं। Sensor Tower की रैंकिंग के मुताबिक, 2019 में इस ऐप को 740 मिलियन बार डाउनलोड किया गया है, जो कि 2018 के मुकाबले 13 प्रतिशत ज्यादा है। 2018 में इस ऐप को 655 मिलियन बार डाउनलोड किया गया था। पिछले साल Google Play Store से कुछ समय के लिए इस ऐप को हटा लिया गया था, जिसकी वजह से कंपनी के रेवेन्यू में 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई थी।