फेसबुक के बाद LinkedIn ने लॉन्च की Lite एप, जानें क्या होंगे फायदे
LinkedIn Lite एप को उन यूजर्स के लिए लॉन्च किया गया है जो एंट्री लेवल स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं
नई दिल्ली (जेएनएन)। प्रोफेशनल नेटवर्किंग साइट LinkedIn ने भारत में LinkedIn Lite एप लॉन्च की है। यह एंड्रायड एप है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। यह LinkedIn एप की तुलना में फास्ट और लाइट वर्जन है। इस एप का लक्ष्य एंट्री-लेवल स्मार्टफोन यूजर्स के अनुभव को बेहतर करना है। आपको बता दें कि भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एंट्री-लेवल स्मार्टफोन 97 फीसद हैं। इस एप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह लोअर-एंड स्मार्टफोन्स पर भी स्मूथ और फास्ट अनुभव दे सकती है। यह एप 2जी नेटवर्क पर भी मात्र 5 सेकेंड में पेज लोड कर देती है। इस एप का साइज 1 एमबी है।
कंपनी ने कहा है कि यह एप लाइट मोबाइल वेबसाइट्स से प्रेरित है जिसे सितंबर 2016 में लॉन्च किया गया था। इसमें न्यूज फीड, जॉब्स, प्रोफाइल, नेटवर्क, मैसेजिंग, नोटिफिकेशन और सर्च जैसे फीचर्स दिए गए हैं। LinkedIn Lite एप को बेंग्लुरु की LinkedIn's R&D टीम ने डेवलप किया है। इसे सबसे पहले भारत में ही रोलआउट किया गया है। आपको बता दें कि भारत में LinkedIn के 42 मिलियन यूजर्स हैं। कंपनी इस एप को 60 से ज्यादा देशों में जारी करने पर विचार कर रही है।
LinkedIn के भारतीय कंट्री मैनेजर अक्षय कोथारी ने कहा, “स्लो नेटवर्क क्षेत्रों में प्रोफेशनल्स के लिए फास्ट और कम डाटा खपत करने का समाधान प्रदान करने के अलावा, यह एप आर्थिक अवसर को बढा़ने का काम करेगी। साथ ही यह भी कहा कि यह एप यूजर्स को उनके मुताबिक नौकरी दिलाने में मदद करेगी और उनके नेटवर्क को बढ़ाने का भी काम करेगी।
फेसबुक ने भी लॉन्च की थी लाइट एप:
इससे पहले फेसबुक ने Messenger Lite एप को भारत में लॉन्च कर दिया गया था। एंड्रायड यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। जैसा की हम सभी जानते हैं कि भारत में स्लो इंटरनेट की समस्या काफी ज्यादा है। ऐसे में इस एप को कम इंटरनेट स्पीड में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह एप मैसेंजर का लाइट, आसान और फास्ट वेरिएंट है। यह खासतौर से उन यूजर्स के लिए पेश की गई है जिनके पास नॉर्मल या बेसिक स्मार्टफोन होता है। Messenger Lite एप मात्र 10 एमबी है। इसे iOS यूजर्स के लिए कब लॉन्च किया जाएगा इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें:
इंस्टाग्राम से स्मार्टफोन में इस तरह सेव कर सकते हैं किसी भी फोटो, फॉलो करें ये स्टेप्स
व्हाट्सएप को किया गया ब्लॉक, यूजर्स नहीं कर पाएंगे फोटोज और वीडियोज सेंड
अब आपका आधार कार्ड होगा आपके मोबाइल में, mAadhaar एप हुई लॉन्च