विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Vastu Tips For Mental Health: डिप्रेशन से निकलना है बाहर, तो एक बार ट्राई करें ये वास्तु टिप्स

By Kartikey TiwariEdited By:
Published: Tue, 08 Sep 2020 11:00 AM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2020 11:37 AM (IST)

Vastu Tips For Mental Health वास्तुकार संजय कुड़ी से जानते हैं कि डिप्रेशन के पीछे वास्तु के क्या क्या कारण हो सकते हैं।

Vastu Tips For Mental Health: डिप्रेशन से निकलना है बाहर, तो एक बार ट्राई करें ये वास्तु टिप्स
Vastu Tips For Mental Health: डिप्रेशन से निकलना है बाहर, तो एक बार ट्राई करें ये वास्तु टिप्स

Vastu Tips For Mental Health: आज के समय में डिप्रेशन की समस्या छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक और महिलाओं से लेकर पुरुषों तक सभी वर्गों में तेजी से बढ़ रही है| यह एक ऐसी परेशानी है जो कि आपके आत्मविश्वास पर बहुत नकारात्मक असर डालती हैं, जिसके परिणामस्वरुप आपकी निजी और व्यावसायिक जिन्दगी पर भी बुरा असर पड़ता है। वास्तुकार संजय कुड़ी से जानते हैं कि डिप्रेशन के पीछे वास्तु के क्या क्या कारण हो सकते हैं।

डिप्रेशन का वास्तु कारण

दरअसल वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की एक दिशा विशेष है जिसमें उपस्थित वास्तु दोष डिप्रेशन का कारण बनते हैं। यह दिशा पश्चिमी वायव्य के रूप में जानी जाती है। अगर डिप्रेशन से बचना है तो इस दिशा का वास्तु सम्मत होना बहुत आवश्यक है। इस दिशा के वास्तु अनुसार बने होने पर यह आपको काम से व दिन-प्रतिदिन की होने वाली भागदौड़ से उत्पन्न मानसिक तनाव से मुक्त करती है। तो जहां एक ओर पश्चिमी वायव्य का वास्तु दोष डिप्रेशन देता है तो वहीं दूसरी ओर यह स्थान वास्तु सम्मत होने पर तनाव मुक्ति का भी काम करता है। तो आइये जानते है पश्चिमी वायव्य का वास्तु-

पश्चिमी वायव्य में वास्तु दोष उत्पन्न करने वाली गतिविधियां

इस दिशा में ऐसी कोई सी भी गतिविधि करना या निर्माण करना वास्तु में मना है, जिसके तहत आपको बहुत ज्यादा वक्त यहां पर गुजारना पड़े। उदाहरण के लिए इस दिशा में सोना मना है क्योंकि यहां पर सोने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अवसाद की ओर अग्रसर होने लगता है। इस दिशा में जिस व्यक्ति का बेडरूम बना है वह शख्स निरंतर इस प्रकार के विचारों और भावनाओं से घिरा रहेगा, जो कि उसे डिप्रेशन की ओर ले जाएंगे। इसलिए यहां पर घर के किसी भी सदस्य के लिए बेडरूम नहीं बनाएं।

पश्चिमी वायव्य में वास्तु सम्मत गतिविधियां

पश्चिमी वायव्य में शौचालय का निर्माण किया जा सकता है। यहां पर सीढ़ियों का निर्माण भी किया जा सकता है जो कि परिवार के लोगों में भावनात्मक संतुलन बनाने में सहायक होगा। इस वास्तु जोन में बनाया गया स्टोर रूम भी व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इसके अतिरिक्त डस्टबिन या कचरा पात्र, झाड़ू, शू रैक इत्यादि चीजें भी पश्चिमी वायव्य में रखी जा सकती है।

ध्यान में रखने योग्य अन्य बातें

1. घर की ईशान दिशा में भारी वस्तुओं को रखने व कोई बड़ा निर्माण करने से बचें।

2. इस बात का ध्यान रखें कि आपके बेड के ठीक ऊपर कोई बीम ना हो।

3. सोते वक्त आपका सिर उत्तर दिशा में न हो वरना यह अनिद्रा से सम्बंधित समस्याएं देगा। सोते समय सिर दक्षिण दिशा या पूर्व में ही रखें।

4. घर को हमेशा साफ और स्वच्छ बनाये रखें।

डिस्क्लेमर-

''इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना में निहित सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है. विभिन्स माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्म ग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारी आप तक पहुंचाई गई हैं. हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना के तहत ही लें. इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी. ''

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।