विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर में फैमिली फोटो लगाते समय रखें इन 10 वास्तु नियमों का ध्यान, परिवार में बनी रहेगी सुख-शांति और खुशहाली

Published: Tue, 18 Aug 2026 12:57 PM (IST)

घर में सुख-शांति और खुशहाली बनाए रखने के लिए फैमिली फोटो लगाते समय वास्तु नियमों का पालन करना महत्वपूर्ण है।

दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगाएं फैमिली फोटो । (Picture Credit- AI Generated)

दक्षिण-पश्चिम दिशा में लगाएं फैमिली फोटो । (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. फैमिली फोटो के लिए दक्षिण-पश्चिम दिशा सर्वोत्तम मानी गई है।

  2. मुख्य द्वार, बाथरूम या बिस्तर के सिरहाने फोटो लगाने से बचें।

  3. हमेशा खुशहाल तस्वीरें लगाएं, टूटे फ्रेम तुरंत बदलें।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हर व्‍यक्ति चाहता है कि उसके घर और परिवार में सुख शांति बनी रहे। इसके लिए परिवार के सदस्‍यों में प्रेम के साथ-साथ घर के वास्‍तु का भी ध्‍यान रखना बहुत जरूरी है। खासतौर पर घर में फैमिली फोटो लगाते वक्‍त कुछ बातों का खास ध्‍यान रखना चाहिए। यह तस्‍वीरें आपके घर की सजावट के साथ-साथ, घर के वास्‍तु को भी प्रभावित करती हैं। वास्तु शास्त्र में परिवार के प्रेम, एकता और सकारात्मक माहौल बना रहे, उसके लिए फैमिली फोटो से जुड़े 10 वास्तु नियमों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।

दक्षिण-पश्चिम दिशा चुनें

वास्तु के अनुसार फैमिली फोटो लगाने के लिए दक्षिण-पश्चिम यानी नैऋत्य दिशा को सबसे अच्छा माना जाता है। यह दिशा स्थिरता, शक्ति और आर्थिक समृद्धि का प्रतिनिधित्‍व करती है। इतना ही नहीं इस दिशा को पृथ्‍वी तत्‍व का प्रतीक माना जाता है। इस दिशा में फैमिली फोटो लगाने से परिवार के सदस्‍यों के रिश्‍तों में मजबूती आती है।

लिविंग रूम में लगाएं फोटो

परिवार की एक हंसी-मुस्‍कुराती तस्वीर लिविंग रूम में लगाना सबसे बेहतर विकल्‍प होता है। इसके लिए ऐसी दीवार चुनें, जहां परिवार के सभी सदस्यों की नजरें उस तस्‍वीर पर आसानी से पड़ सकें।

बच्चों की तस्वीर पूर्व दिशा में लगाएं

अगर ऐसी तस्वीर है, जिसमें बच्‍चों को मेडल या फिर ट्रॉफी लिए दिखाया गया हो, तो उपलब्धियों वाली तस्‍वीरों को हमेशा घर की पूर्व दिशा वाली दीवार पर लगाना चाहिए।

ईशान कोण में फोटो लगाने से बचें

उत्तर-पूर्व दिशा यानी ईशान कोण को घर का पवित्र स्थान माना जाता है। वास्तु मान्यताओं के अनुसार यहां फैमिली फोटो लगाने के बजाय पूजा या आध्यात्मिक चीजों से जुड़ी तस्‍वीरें ही लगानी चाहिए।

मुख्य दरवाजे के सामने फोटो न लगाएं

फैमिली फोटो को घर के मुख्य द्वार के ठीक सामने लगाने से बचना चाहिए। तस्वीर ऐसी जगह लगाएं जहां प्रवेश करते ही वह सीधे सामने न आए।

बाथरूम के पास तस्वीर न लगाएं

टॉयलेट या बाथरूम के आसपास फैमिली फोटो लगाना वास्तु के अनुसार उचित नहीं माना जाता। कोशिश करें कि तस्वीर हमेशा साफ दीवार पर ही लगाएं।

 बिस्तर के सिरहाने फोटो न लगाएं

बेडरूम में पलंग के ठीक ऊपर या सिरहाने की दीवार पर भारी फ्रेम वाली तस्वीर लगाने से बचें। माना जाता है कि इससे मानसिक तनाव या भारीपन महसूस हो सकता है।

हमेशा खुशहाल तस्वीर चुनें

फैमिली फोटो में सभी सदस्य प्रसन्न और सहज नजर आएं, ऐसी तस्वीरें ही आपको घर में लगानी चाहिए। इससे घर का माहौल सकारात्‍मक रहता है।

 टूटे या खराब फ्रेम हटाएं

फोटो का फ्रेम टूटा, फटा या खराब हो गया है, तो उसे तुरंत ही बदल लें। वास्तु में टूटी और फटी हुई चीजों को नकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है।

पूर्वजों की तस्वीर अलग रखें

पूर्वजों की तस्वीरें जीवित परिवार के सदस्यों की तस्वीरों के साथ एक ही फ्रेम में या अगल-बगल कभी नहीं लगानी चाहिए। वास्तु मान्यताओं के अनुसार पूर्वजों की तस्वीरों के लिए अलग स्थान रखना उचित है और ऐसी तस्‍वीरों को दक्षिण दिशा में लगाया जा सकता है।

अतः घर में फैमिली फोटो लगाने से पहले आपको इन वास्तु नियमों को एक बार जरूर ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।

यह भी पढ़ें- किचन की इन 4 चीजों को भूलकर भी गलत जगह पर न रखें, आ सकती है कंगाली और लगेगा वास्तु दोष

यह भी पढ़ें- घर में केले का पेड़ लगाने की सही जगह कौन सी है? वास्तु के ये नियम जरूर जानें

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है