यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gemstone wearing Rules: किस ग्रह से है कौन-से रत्न का संबंध, राशियों के अनुसार करें धारण
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नवरत्न हमारे जीवन पर अहम प्रभाव डालते हैं। ज्योतिष शास्त्र में हर ग्रह के लिए एक ...और पढ़ें

HighLights
- ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, नवरत्न हमारे जीवन पर अहम प्रभाव डालते हैं।
- ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए रत्न धारण करने चाहिए।
- जानिए किन राशियों के लिए शुभ है हीरा।
- शनि कमजोर होने पर धारण करें नीलम।
नई दिल्ली, अध्यात्म डेस्क। Gemstone wearing Rules: रत्नों की तरह 9 प्रमुख ग्रहों (सूर्य, चंद्र, बुध, शनि और राहु-केतु समेत) का प्रभाव भी व्यक्ति के जीवन पर सकारात्मक और नकारात्मक रूप से पड़ता है। इसलिए ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है। ज्योतिष में प्रमुख 9 रत्न- माणिक्य, मोती, पन्ना, मूंगा, पुखराज, हीरा, नीलम, गोमेद, वैदूर्य के बारे में बताया गया है। आइए जानते हैं कि किस व्यक्ति को कौन-सा रत्न धारण करना चाहिए।
किसे पहनना चाहिए पन्ना
ज्योतिष के अनुसार, पन्ना का संबंध बुध ग्रह से माना गया है। वृषभ, मिथुन, कन्या, तुला, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए पन्ना धारण करना शुभ होता है। जबकि सिंह, धनु और मीन राशि वालों की कुंडली के अनुसार कुछ स्थितियों में यह रत्न पहना जा सकता है। हालांकि मेष, कर्क और वृश्चिक वालों को पन्ना गलती से भी नहीं पहनना चाहिए। विद्यार्थियों और व्यापारियों के लिए यह खासतौर पर बहुत शुभ साबित होता है
किस राशि के जातकों के लिए है पुखराज
पुखराज रत्न का संबंध गुरु ग्रह से होता है। मेष, वृषभ, सिंह, धनु और मीन राशि के लोगों को पुखराज पहनना चाहिए, उनके लिए यह लाभदायक होता है। जिन राशियों के लिए पुखराज शुभ होता है, वे काफी उन्नति करते हैं। वहीं, वृष, तुला, मकर और कुंभ लग्न वालों को इसे धारण करने से बचना चाहिए।
किन लोगों के लिए हीरा है लाभकारी
हीरा रत्न वृष और तुला राशि का स्वामी है। इसे शुक्र ग्रह को प्रसन्न करने के लिए पहना जाता है। हीरा पहनना आजकल फैशन के तौर पर देखा जाता है। लेकिन मेष, कर्क, वृश्चिक, सिंह और मीन लग्न वालों को हीरा नहीं पहनना चाहिए। वहीं, वृष, मिथुन, कन्या, तुला, मकर और कुंभ लग्न के लिए यह शुभ होता है।
कब पहनना चाहिए नीलम
नीलम रत्न को बहुत सोच-समझकर और ज्योतिष की सलाह पर ही धारण करना चाहिए, क्योंकि कई स्थितियों में इसके परिणाम उल्टे भी हो सकते हैं। जिसके कारण व्यक्ति को गरीबी का सामना करना पड़ता है। नीलम उन्हीं लोगों को यह रत्न धारण करना चाहिए, जिनकी कुंडली में शनि कमजोर स्थिति में हो। खासकर सिंह लग्न वालों को नीलम रत्न धारण नहीं करना चाहिए।
कौन पहनते हैं गोमेद
गोमेद को राहु का रत्न माना जाता है। यह रत्न उसी व्यक्ति को धारण करने की सलाह दी जाती है, जिनकी राशि या लग्न भाव वृषभ, मिथुन, कन्या, तुला और कुंभ में हो। इसे अधिकतर राजनीतिज्ञ, जासूसी, जुआ, सट्टा खेलने वाले तथा तंत्र या मंत्र विद्या से जुड़े व्यक्ति पहनते हैं।
किन राशियों के लिए मना है माणिक्य
माणिक्य का संबंध सूर्य ग्रह से माना जाता है, इसलिए सूर्य से संबंधित समस्याओं के लिए इस रत्न को धारण करना चाहिए। ज्योतिष के अनुसार, जिनकी राशि या लग्न सिंह, मेष, वृश्चिक, कर्क और धनु है, उनके लिए माणिक्य रत्न धारण करना शुभ होता है। कन्या, तुला, मकर और कुंभ राशि वाले जातकों को माणिक्य नहीं पहनना चाहिए।
मोती पहनने के लाभ
मोती चंद्रमा का रत्न है। इसे धारण करने से मन की समस्याओं में आराम मिलता है। लेकिन वृष, मिथुन, कन्या और मकर राशि के लोगों को बिना ज्योतिष सलाह के मोती नहीं पहनना चाहिए। हालांकि, मेष, कर्क, वृश्चिक और मीन लग्न के लिए मोती धारण करना अत्यंत लाभदायक होता है।
मूंगा किस ग्रह से है संबंधित
मंगल ग्रह का रत्न मूंगा लाल या नारंगी रंग का होता है। मेष राशि वालों का स्वामी मंगल है। ऐसे में इस राशि के लोग मूंगा धारण कर सकते हैं। इसके साथ ही वृश्चिक राशि वाले भी इस रत्न को पहन सकते हैं, लेकिन कन्या और मिथुन लग्न वालों को यह रत्न धारण करने से बचना चाहिए।
किन्हें पहनना चाहिए वैदूर्य
वैदूर्य केतु का रत्न होता है। इसे लहसुनिया रत्न भी कहा जाता है। अगर कुंडली में केतु अनुकूल हो तभी इसे धारण करें। ज्योतिष के अनुसार, वृषभ, मकर, तुला, कुंभ और मिथुन राशि के जातकों के लिए लहसुनिया रत्न पहनना शुभ होता है।
Picture Credit: Freepik
डिसक्लेमर: 'इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।'
