यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सच्चे, ईमानदार, व्यक्ति का लक्षण हैं कि वह अपनी गलती को माने
हममें से अनेक लोग अपने जीवनकाल में, जाने अनजाने, कुछ न कुछ गलतियां कर बैठते हैं या फिर कुछ ऐसा अनुचित हो जाता है, जिसके कारण दूसरों को कष्ट, पीड़ा या ठेस पहुंची हो। अपने जीवन का निष्कपट निरीक्षण करें तो पता चलता है कि सचमुच कुछ गलत हुआ है और उसके लिए प्रायश्चित की स्थिति पैदा हो गई है। हमारे धर्मग्रंथों में प्रायश्चित का बहुत

हममें से अनेक लोग अपने जीवनकाल में, जाने अनजाने, कुछ न कुछ गलतियां कर बैठते हैं या फिर कुछ ऐसा अनुचित हो जाता है, जिसके कारण दूसरों को कष्ट, पीड़ा या ठेस पहुंची हो। अपने जीवन का निष्कपट निरीक्षण करें तो पता चलता है कि सचमुच कुछ गलत हुआ है और उसके लिए प्रायश्चित की स्थिति पैदा हो गई है।
हमारे धर्मग्रंथों में प्रायश्चित का बहुत बखान किया गया है। ऐसा करने से पाप नष्ट होते हैं। महान साहित्यकार प्रेमचंद ने कहा था कि पश्चाताप के कड़वे फल कभी न कभी सभी को चखने पड़ते हैं। अपने पापों के लिए पश्चाताप करने का मतलब यह है कि हम अपनी गलतियों या त्रुटियों को स्वीकार करते हैं और अपने आप को ऐसे व्यवहारों और विचारों से दूर करने का प्रयास करते हैं।
जब हम अपनी गलतियों का निरीक्षण करते हैं तब हम यह समझते हैं कि यह सब स्वर्ण अवसर है जिससे हम आत्मसुधार कर सकते हैं। प्रायश्चित करना ऐसा कर्म है, जिससे हमारे मन में एक बदलाव आ जाता है, हम अपनी गलतियों या पापकर्मो के लिए खेद अनुभव करते हैं कि हमें ऐसा नहीं करना चाहिए था। प्रायश्चित करने से हममें प्रेम व स्नेह के भाव पैदा होते है। ऐसा कर हम सांसारिक वस्तुओं को छोड़कर दिव्य विचारों की ओर मुड़ने लगते हैं। अपने आप को देव समझने के बजाय हमारे भाव परमसत्ता ईश्वर की ओर प्रवृत्त होते हैं। इधर-उधर जाने के बजाय हमारे सत्कर्म ईश्वर की ओर उन्मुख होने लग जाते हैं। प्रायश्चित करने से पाप के प्रति स्थिति स्पष्ट हो जाती है। वास्तव में प्रायश्चित करने की राह ईश्वर की ओर उन्मुख होने का एक सरल और उचित उपाय है। इससे अपने व अन्य लोगों के प्रति भी उचित धारणाएं बनती है। प्रायश्चित करने का मतलब यह नहीं है कि हम किसी एक विशेष अवसर तक के लिए पापकर्म छोड़ देते हैं। प्रायश्चित करने का मतलब होता है कि सीधे 160 डिग्री पर पलटना या चलना। प्रायश्चित में अपने पापों को छिपाना नहीं होता है। पापों को छिपाने का मतलब बिखरे हुए बीजों को ढंकने के समान है, जो बाद में उजागर हो जाता है। प्रायश्चित करना सीधे-सीधे अपने दोषों को स्वीकार करना है। सच्चे, ईमानदार, व्यक्ति का लक्षण हैं कि वह विनम्रता और साहस के साथ अपनी कमजोरियों को स्वीकार करता है।