Move to Jagran APP

सत्य की शक्ति ऐसी है जो आपको सौ झूठ से बचा लेती है

सत्य के महत्व पर बुद्ध ने कहा कि सत्य को छोड़कर जो असत्य बोलता है धर्म का उल्लंघन करता है परलोक की जिसे चिंता नहीं है वह व्यक्ति बड़े से बड़ा पाप कर सकता है। इसलिए असत्य का परित्याग ही श्रेयस्कर है।

By Ruhee ParvezEdited By: Published: Mon, 04 Jul 2022 12:39 PM (IST)Updated: Mon, 04 Jul 2022 12:39 PM (IST)
सत्य की शक्ति ऐसी है जो आपको सौ झूठ से बचा लेती है
सत्य की शक्ति ऐसी है जो आपको सौ झूठ से बचा लेती है

नई दिल्ली, नृपेंद्र अभिषेक नृप। संसार में सत्य को सबसे सुंदर कहा गया है। हमारे शास्त्र भी कहते हैं कि सत्य के लिए किसी से भी संघर्ष करने के लिए स्वयं को सदैव तत्पर रखना चाहिए। एक सत्य ही तो है, जो मनुष्य को सौ झूठ बोलने से बचा लेता है। सत्य की ऐसी महत्ता-महिमा होते हुए भी संप्रति संसार में असत्य का बोलबाला बढ़ा है। हालांकि, असत्य का आश्रय लेने वालों को सदैव यह स्मरण रखना चाहिए कि अंत में विजय सत्य के खेमे का ही वरण करती है। वास्तव में जहां सत्य है, वहीं धर्म है और जहां धर्म वहीं विजय है।

loksabha election banner

यदि हमारी जीवन रूपी इमारत सत्य रूपी नींव पर खड़ी होगी तभी हम उसे निरंतर ऊंचाई प्रदान करते हुए उसकी प्रकृति को संरक्षित रख पाएंगे। सत्य के महत्व पर बुद्ध ने कहा कि सत्य को छोड़कर जो असत्य बोलता है, धर्म का उल्लंघन करता है, परलोक की जिसे चिंता नहीं है, वह व्यक्ति बड़े से बड़ा पाप कर सकता है। इसलिए असत्य का परित्याग ही श्रेयस्कर है। मनीषी कहते हैं कि ‘मनसा वाचा कर्मणा’ यानी मन, वचन और कर्म से सत्य बोलना चाहिए। जो विचार मन में हों वही वाणी में भी होने चाहिए और उसी के अनुरूप ही मनुष्य का व्यवहार भी होना चाहिए। इसमें कोई संदेह नहीं कि मन, वचन और कर्म से अलग रहने वाले पूर्णरूपेण सत्य का आचरण नहीं कर सकते।

गांधी जी जैसे महामानव सत्य को निरपेक्ष सत्य के रूप में ग्रहण करते हैं। सत्य को ईश्वर का पर्यायवाची बताते हैं। उसे अपनी नीति का अहम अवयव मानते हैं। इसी सत्य के प्रति निष्ठावान हैं। वास्तव में हमारे अस्तित्व से संबंधित समस्त गतिविधियां सत्य पर केंद्रित होनी चाहिए। सत्य ही हमारे जीवन का प्राण तत्व होना चाहिए, क्योंकि सत्य के बिना व्यक्ति अपने जीवन के वास्तविक लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता। यह अवश्य हो सकता है कि उसे क्षणिक सफलता मिल जाए, लेकिन सत्य के अभाव में स्थायी सफलता और शांति कभी प्राप्त नहीं होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.