लीक पर चलने के बजाय नए रास्ते बनाए जाएं
प्रत्येक व्यक्ति के दिमाग में यह बात अवश्य आती है कि लीक पर चलने के बजाय नए रास्ते बनाए जाएं। नए रास्ते बनाने या उन पर चलने की योजना आती तो अनेक लोगों के मन में है, लेकिन वह अक्सर धरी की धरी रह जाती है।
प्रत्येक व्यक्ति के दिमाग में यह बात अवश्य आती है कि लीक पर चलने के बजाय नए रास्ते बनाए जाएं। नए रास्ते बनाने या उन पर चलने की योजना आती तो अनेक लोगों के मन में है, लेकिन वह अक्सर धरी की धरी रह जाती है।
कई लोग आजकल-आजकल करते रह जाते हैं, लेकिन जो जीवट और परिश्रमी होते हैं, वे नए रास्तों को बनाकर उन पर स्वयं चलते हुए इतिहास रच देते हैं। अनेक ऐसे व्यक्तित्व आज समाज में उपस्थित हैं, जिन्होंने नई राह पर चलकर महान खोजें कीं और मनुष्य के जीवन को सहज और सरल बना दिया। मिसाल के तौर पर हेनरी फोर्ड के दिमाग में ऑटोमोबाइल के माध्यम से दुनिया की दूरी कम करने के लिए रास्ते नजर आए। उन्होंने संघर्ष कर इस मार्ग को अपनाया और पूरे विश्व को एक मजबूत कार बनाकर दी। लुई ब्रेल की आंखों की रोशनी जाने पर उनके मन में आया कि मैं ऐसा नया रास्ता बनाऊंगा जिससे नेत्रहीनों को भी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आज ब्रेल लिपि के माध्यम से नेत्रहीन सहजता से उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। नए रास्ते पर चलने की भावना कई ऐसी महत्वपूर्ण वस्तुओं का निर्माण कर सकती है, जिनकी मनुष्य कल्पना भी नहीं कर सकता। लेखक नेपोलियन हिल्स कहते हैं कि यदि आप अपनी ग्रहणशील शक्ति को पैनी कर लेते हैं तो उसे अचूक शक्ति में बदल कर अद्भुत शक्ति प्राप्त कर सकते हैं।
कुछ नया करने के इच्छुक लोग सकारात्मक दिशा में काम करना शुरू कर देते हैं। इससे जहां उन्हें सफलता, यश, मान, सम्मान मिलता है वहीं मनुष्यों को भी अनेक तरह की सुविधाएं प्राप्त होती हैं। प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक प्रो. रिचर्ड फॉक्स कहते हैं कि सकारात्मक और नई सोच अच्छाई की तरंगों को उत्पन्न करती है, जो आपकी जिंदगी और आपके आसपास के हर एक व्यक्ति को प्रभावित करती है। मस्तिष्क में नए-नए रास्ते, नई-नई बातें और नवीन जानकारियों को ग्रहण करने से व्यक्ति का तनाव कम होता है। जानकारी और अच्छे-अच्छे सुझाव व्यक्ति को एक अभूतपूर्व आत्मविश्वास और शक्ति से भर देते हैं जिससे वह अपनी समस्याओं का चुनौतीपूर्वक सामना करते हैं। हर व्यक्ति के अंदर एक जुझारू और संघर्ष करने वाली भावना विद्यमान होती है। बस कई लोग अपने अंदर के जुझारू इंसान को जगा लेते हैं और कई इसमें असमर्थ हो जाते हैं।