विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौवे को खाना खिलाए बिना अधूरा माना जाता है श्राद्ध, क्या वास्तव में पूर्वजों तक पहुंचता है यह निवाला?

Published: Wed, 26 Aug 2026 10:21 AM (IST)

पितृ पक्ष में श्राद्ध के दौरान कौवों को भोजन कराने का विशेष महत्व है। जानिए पौराणिक कथा और गरुड़ पुराण के अनुसार इसके पीछे के मुख्य कारण।

क्या कहता है गरुड़ पुराण? (AI-Generated Image)

क्या कहता है गरुड़ पुराण? (AI-Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पितृ पक्ष का बड़ा महत्व है। इस दौरान आपने अक्सर अपने घर के बड़ों को छत पर या आंगन में कौवों के लिए खाना रखते देखा होगा। लेकिन, एक मान्यता यह भी है कि जब तक कौवा आकर उस भोजन को चख न ले, तब तक श्राद्ध का कर्मकांड अधूरा माना जाता है। क्या आपने कभी सोचा है कि अपने पितरों का तर्पण करने के लिए कौवे को ही माध्यम क्यों बनाया गया? इसके पीछे गहरी धार्मिक मान्यता और पौराणिक कथा जुड़ी है।

कौवे को क्यों माना जाता है पितरों का प्रतीक?

गरुड़ पुराण और अन्य धार्मिक शास्त्रों के अनुसार, कौवे को यमराज का संदेशवाहक माना जाता है। मान्यता है कि पितृ पक्ष के दौरान हमारे पूर्वज यानी पितृ कौवे का रूप धारण करके धरती पर आते हैं और अपने इस भोजन को स्वीकार करते हैं। माना जाता है कि कौवे के माध्यम से जो भी भोजन अर्पित किया जाता है, वह सीधे तौर पर पितरों की आत्मा तक पहुंचता है और उन्हें शांति देता है। इसके अलावा, कौवे को भविष्य में होने वाली घटनाओं का आभास होने की अद्भुत क्षमता के लिए भी जाना जाता है।

यहां पढ़ें इससे जुड़ी पौराणिक कथा

गोस्वामी तुलसीदास जी की 'रामचरितमानस' के अरण्यकांड के शुरुआती दोहों और चौपाइयों में ही इस कथा का वर्णन मिलता है।

"सीता चरन चोंच हति भागा। मूढ़ मंदमति कारन कागा॥"

अर्थ- वह मूर्ख और मंदबुद्धि जयंत कौवे का रूप बनाकर सीता जी के चरणों में चोंच मारकर भाग गया।

कथा के अनुसार, त्रेतायुग में इंद्रदेव के पुत्र 'जयंत' ने कौवे का रूप धारण किया और माता सीता के पैर में चोंच मार दी। इससे माता सीता के पैर से रक्त बहने लगा। जब भगवान श्रीराम ने यह देखा, तो उन्होंने एक तिनके का बाण बनाकर जयंत पर चला दिया।

अपनी जान बचाने के लिए जयंत तीनों लोकों में भागा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। अंत में वह वापस आकर भगवान श्रीराम और माता सीता के चरणों में गिर पड़ा और क्षमा मांगी। प्रभु श्रीराम ने उसे माफ तो कर दिया, लेकिन बाण का प्रभाव खाली न जाए, इसलिए जयंत की एक आंख फोड़ दी। इसके साथ ही, श्रीराम ने जयंत को यह वरदान भी दिया कि "आज से तुम्हारे माध्यम से दिया गया भोजन पूर्वजों (पितरों) को प्राप्त होगा और उससे उन्हें तृप्ति मिलेगी।" तभी से पितृ पक्ष में कौवे को भोजन कराने की यह परंपरा चली आ रही है।

पितृ दोष से मुक्ति और शुभ फल

शास्त्रों में यह भी माना गया है कि पितृ पक्ष के दौरान कौवों को भोजन कराने से कुंडली में मौजूद 'पितृ दोष' और 'कालसर्प दोष' शांत होते हैं। कौवे को भोजन देने से पितृ खुश होते हैं और पूरे परिवार को सुख, समृद्धि और आरोग्यता का आशीर्वाद देते हैं।

यह भी पढ़ें- पितरों के श्राद्ध में क्यों जरूरी मानी जाती हैं बेटियां और नातिन? गरुड़ पुराण में बताया गया है इसका महत्‍व

यह भी पढ़ें- पितरों की शांति के लिए हरियाली अमावस्या पर लगाएं ये पौधे, दूर होंगी जीवन की सभी बाधाएं

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।