यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चंद मिनट में बिखर गया परिवार: पवन
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : झज्जर के दरियापुर मोड़ के समीप शनिवार की सुबह हुई ट्रक व कार की भीष

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : झज्जर के दरियापुर मोड़ के समीप शनिवार की सुबह हुई ट्रक व कार की भीषण टक्कर के बाद लगी आग में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत के बाद नजफगढ़ के खैरा गांव में मातम पसरा हुआ है। लोगों को यह विश्वास ही नहीं हो रहा है कि दुर्घटना में मारे गए लोग अब उनसे कभी नहीं मिल पाएंगे। कोसली जाने से पहले उन्होंने परिवार वालों को दवा लेकर जल्द लौटने का वादा किया था, लेकिन शनिवार की शाम तीन के शव गांव में पहुंचे। उनके साथ दूसरी गाड़ी से जा रहे घटना में मारे गए रेवती के पोते पवन कुमार ने बताया कि उनके परिवार में इतना बड़ा हादसा होगा, ऐसा उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। चंद मिनट में पूरा परिवार बिखर गया।
पवन ने बताया कि आगे की गाड़ी में उनकी दादी रेवती व चाचा मनोज, भतीजी व चाची जा रहे थे। तभी दरियापुर मोड़ पर तेज गति में गलत साइड से ट्रक आ रहा था। उनके परिजनों की कार उससे टकरा गई। उन्होंने घायलों को बाहर निकाला तब तक रेवती, मनोज और इंदु की मौत हो चुकी थी। मृतक मनोज खेती करते थे। अब उनके परिवार में उनकी पत्नी रेनू और 8 वर्ष की बच्ची प्रियांशी बची हैं। मनोज के चचेरे बड़े भाई कप्तान सिंह ने बताया कि ताई रेवती हर महीने दवा लाने कोसली जाती थीं। शनिवार की सुबह उनके साथ मनोज के बड़े भाई सुभाष को जाना था। सुभाष कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। तभी उनके कार्यालय से जरूरी काम के लिए फोन आ गया, लिहाजा वे मनोज को कार में मां के साथ जाने की बोल कार्यालय चले गए, जिसके कारण उनकी जान बच गई। कार में बैठी उनकी बेटी इंदु की भी दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल उनके परिवार की दो महिलाओं का गुड़गांव के मेदांता में इलाज चल रहा है। इसमें रीता की हालत काफी गंभीर है। उधर जाफरपुर के राव तुलाराम अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा शनिवार की शाम उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिनका अंतिम संस्कार भी करा दिया गया।