घर से निकलने से पहले 'दिन' के अनुसार लगाएं तिलक, रुके हुए काम भी तुरंत बनने लगेंगे
घर से काम पर या किसी शुभ कार्य के लिए निकलने से पहले अपने इष्ट देव को याद करके, दिन के अनुसार तिलक जरूर लगाना चाहिए।
-1775883935630_m.webp)
सप्ताह के हर दिन लगाएं सही तिलक (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
माथे पर तिलक लगाना सम्मान, पवित्रता और शुभता का प्रतीक
दिन के अनुसार तिलक लगाने से शांत होते हैं नवग्रहों के अशुभ प्रभाव
प्रत्येक दिन का तिलक देता है मनचाहे लाभ और सकारात्मकता
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। सनातन संस्कृति में किसी भी शुभ कार्य, पूजा-पाठ या अनुष्ठान में सबसे पहले 'तिलक' लगाया जाता है। केवल सामान्य जन व साधु-संतों ही नहीं बल्कि देवी-देवताओं के मस्तक पर भी तिलक सुशोभित रहता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर सप्ताह के सातों दिन आप वार और ग्रह के अनुसार सही तिलक लगाते हैं, तो यह आपके जीवन में सफलता, शांति और सकारात्मकता के नए द्वार खोल सकता है? चलिए जानते हैं इस बारे में
सप्ताह के 7 दिनों का तिलक
हिंदू धर्म में हर दिन किसी-न-किसी देवी-देवता व ग्रह को समर्पित है। ऐसे में आप अपनी दिनचर्या में दिन के अनुसार तिलक नियम को अपनाकर अद्भुत लाभ देख सकते हैं -
- सोमवार - यह दिन भोलेनाथ और चंद्र ग्रह का होता है। इस दिन माथे पर सफेद चंदन का तिलक लगाना चाहिए। इससे मन शांत रहता है। साथ ही यह तनाव को कम करने में भी सहायक है।
- मंगलवार - संकटमोचन हनुमान और मंगल ग्रह के इस दिन पर चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर तिलक लगाना चाहिए। इससे ऊर्जा और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
- बुधवार- यह दिन विघ्नहर्ता श्री गणेश और बुध ग्रह को समर्पित है। इस दिन पर आप सूखे सिंदूर या रोली का तिलक लगा सकते हैं। इससे बुद्धि और कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।
- गुरुवार - जगत के पालनहार श्री हरि विष्णु और गुरु (बृहस्पति) ग्रह के इस दिन पर आप हल्दी या पीले चंदन का तिलक लगा सकते हैं। इससे धन, विद्या और विवाह से जुड़ी बाधाओं से राहत मिलती है।
- शुक्रवार - हिंदू धर्म में यह दिन धन की देवी मां लक्ष्मी और शुक्र ग्रह को समर्पित माना गया है। इस दिन लाल चंदन या कुमकुम का तिलक लगाना चाहिए। यह जीवन में सुख, समृद्धि और आकर्षण लाता है।
- शनिवार - यह दिन पूर्ण रूप से न्याय के देवता शनिदेव को समर्पित है। इस दिन पर भस्म, विभूति या लाल चंदन का तिलक लगाना उत्तम माना गया है। यह जीवन में अचानक आने वाली समस्याओं और नजर दोष से हमारी रक्षा करता है।
- रविवार - यह दिन ग्रहों के राजा सूर्य देव को समर्पित है। इस दिन लाल चंदन या रोली का तिलक मस्तक पर लगाएं। इससे समाज में मान-सम्मान व पद-प्रतिष्ठा मिलती है और तेज बढ़ता है।
तिलक लगाने का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माथे पर तिलक लगाना सम्मान, पवित्रता और शुभता का प्रतीक माना गया है। वहीं ज्योतिष शास्त्र में भी यह माना गया है कि हमारे मस्तक के बीचो-बीच 'आज्ञा चक्र' होता है। ऐसे में अगर सही विधि और दिन के अनुसार तिलक लगाया जाए, तो इससे नवग्रहों के अशुभ प्रभाव को शांत किया जा सकता है। साथ ही इससे यश-कीर्ति की बढ़ोत्तरी होती है और मन में सकारात्मक विचार प्रवाहित होते हैं।
यह भी पढ़ें- शुभ कामों में पत्नी को दाएं बैठना चाहिए या बाएं? पढ़ें शास्त्रों का सटीक नियम, वरना अधूरी रह जाएगी पूजा
यह भी पढ़ें- मृत्यु के बाद घर में क्यों नहीं जलाया जाता चूल्हा? गरुड़ पुराण में लिखे हैं 'सूतक' के नियम
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।