यमुनोत्री की शीतकालीन यात्रा शुरू
यमुनोत्री की शीतकालीन यात्रा का रविवार को खरसाली गांव में यमुना उत्सव समारोह के साथ आगाज हुआ। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री हरीश रावत के न पहुंचने पर पर्यटन मंत्री दिनेश धनै व शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी
बड़कोट। यमुनोत्री की शीतकालीन यात्रा का रविवार को खरसाली गांव में यमुना उत्सव समारोह के साथ आगाज हुआ। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री हरीश रावत के न पहुंचने पर पर्यटन मंत्री दिनेश धनै व शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद रविवार को खरसाली गांव में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। तीर्थ पुरोहितों के साथ ही स्थानीय लोग बड़ी तादाद में यमुना मंदिर परिसर में एकत्र थे। सुबह करीब दस बजे पर्यटन मंत्री व शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह पंवार खरसाली गांव में पहुंचे। तीर्थ पुरोहितों के दोनों अतिथियों का स्वागत करने के बाद यमुना उत्सव समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि बर्फबारी के साथ शीतकालीन यात्रा शुरू होना शुभ संकेत है। इससे तीर्थयात्रा के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आपदा के कारण ग्रीष्मकालीन यात्रा के ठप होने से स्थानीय लोगों को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में शीतकालीन यात्रा इस स्थिति से लोगों को उबारने में मददगार साबित हो सकती है। यात्रा के शुभारंभ पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ही देव डोलियों के नृत्य से माहौल भक्तिमय हो गया। उसके बाद यमुना मंदिर में पूजा अर्चना व यमुना वंदना के साथ शीतकालीन यात्रा की औपचारिक शुरूआत की गई। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पवन उनियाल, सचिव पुरूषोत्तम उनियाल, कोषाध्यक्ष मनमोहन उनियाल, गढ़वाल कमिश्नर सीएस नपलच्याल, डीएम सी.रविशंकर, एसपी जेआर जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी व बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद रहे।