विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सफल होने के लिए खुद पर करना होता है भरोसा, पढ़ें एक व्यापारी की कहानी

By Kartikey TiwariEdited By:
Published: Tue, 28 Sep 2021 01:41 PM (GMT+05:30)

अगर आपको सफलता प्राप्त करनी है तो आपको खुद पर भरोसा करना होगा। आप ही एक मात्र ऐसे व्यक्ति हैं ...और पढ़ें

सफल होने के लिए खुद पर करना होता है भरोसा, पढ़ें एक व्यापारी की कहानी
सफल होने के लिए खुद पर करना होता है भरोसा, पढ़ें एक व्यापारी की कहानी

अगर आपको सफलता प्राप्त करनी है तो आपको खुद पर भरोसा करना होगा। आप ही एक मात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जो अपनी समस्याओं और चुनौतियों से पार पा सकते हैं। इसके लिए आपको स्वयं की योग्यता पर विश्वास करना होगा। जब आपको स्वयं पर भरोसा होगा, तो आप सफलता की सिढ़ियां चढ़ते चले जाएंगे। आइए पढ़ते हैं खुद पर भरोसे से जुड़ी एक व्यापारी की कहानी।

एक व्यापारी को अपने व्यवसाय में बहुत नुकसान हो गया। उस पर काफी कर्ज चढ़ गया। वह समझ नहीं पा रहा था कि वह कर्ज कैसे उतारेगा। हताशा और निराशा में उसका व्यवसाय से भी ध्यान हट गया और वह दूर किसी शहर में जाकर भटकने लगा। उसके मन में आत्महत्या के विचार आने लगे।

एक दिन वह पार्क में बैठा था, तभी उसके पास एक आदमी आया। उसने व्यवसायी से उदासी का कारण पूछा। सब जानकर उसने अपनी जेब से चेकबुक निकाली और बोला - मैं इस शहर का सबसे धनी व्यापारी हूं। इस तरह के उतार-चढ़ाव आते ही रहते हैं। मैं तुम्हें दस करोड़ रुपये का चेक देता हूं, तुम अपना कर्ज चुका कर काम में ध्यान लगाओ। दो महीने बाद ये पैसे मुझे यहीं आकर लौटा देना।

व्यापारी बहुत खुश हुआ। वह उत्साहित हो गया। वह अपने शहर जाते ही अपने व्यवसाय में पूरी तरह लग गया। पहले ही दिन उसे बड़ी आमदनी हुई। उसका हौसला बढ़ा तो उसने सोचा कि अभी वह चेक कैश न कराकर अपने व्यवसाय को बढ़ाएगा। दो महीने में ही उसने दस करोड़ रुपये का मुनाफा कमा लिया।

जब वह दस करोड़ का चेक वापस करने और धन्यवाद देने पुरानी जगह पहुंचा, तो पार्क में कोई नहीं आया। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले एक पागल खुद को शहर का सबसे अमीर बताकर लोगों को फर्जी चेक बांटा करता था।

व्यापारी अवाक था कि इतना हताश और निराश होने के बावजूद वह कैसे उत्साह से लबरेज हो गया और उसने एक पागल के कारण सफलता पा ली।

कथा मर्म

सफलता का एक ही मंत्र है, खुद पर भरोसा और कड़ी मेहनत।