दुर्गा पूजा की तर्ज पर होगा राम महोत्सव
भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए हिन्दुओं को संगठित करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद दुर्गा पूजा की तर्ज पर देशभर में पहली बार राम महोत्सव का आयोजन करेगी। विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने कहा कि हम 21 या 22 मार्च से राम महोत्सव मनाएंगे और यह
लखनऊ। भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए हिन्दुओं को संगठित करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद दुर्गा पूजा की तर्ज पर देशभर में पहली बार राम महोत्सव का आयोजन करेगी। विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने कहा कि हम 21 या 22 मार्च से राम महोत्सव मनाएंगे और यह एक अप्रैल तक चलेगा।
ऐसा पहली बार होगा कि विहिप इस तरह का कोई कार्यक्रम करने जा रही है. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के हर गांव में होगा ताकि समाज को भगवान राम के बारे में जागरूक किया जा सके. शर्मा ने कहा कि इससे राम जन्मभूमि आंदोलन को मजबूती मिलेगी. ये कार्यक्रम न सिर्फ उन गांवों में आयोजित होंगे जहां मंदिर हैं, बल्कि ऐसी जगहों पर भी होंगे जहां इस तरह की व्यवस्था नहीं है.
10 दिनों तक होगी पूजा-
उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान भगवान राम की ढाई फुट लंबी प्रतिमाओं की 10 दिन तक पूजा होगी, जैसा नवरात्र में होता है। इन प्रतिमाओं को या तो स्थायी रूप से स्थापित कर दिया जाएगा या फिर विसर्जित कर दिया जाएगा। शर्मा ने बताया कि देश के डेढ़ से दो लाख गांवों तक इस कार्यक्रम के जरिए पहुंचने की योजना है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हम हर गांव में पहुंचने का प्रयास करेंगे। देशभर में 600 हिन्दू सम्मेलन करने की भी योजना बनाई गई है।