तिलक लगाकर बहनों ने की मंगलकामना
भाई-बहन के पवित्र रिश्तों का प्रतीक भैया दूज (भाई-टीका) बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस पर्व पर जहां बहनों ने भाई की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने सगुन के रूप में बहनों को उपहार भेंट किए।
जम्मू, जागरण संवाददाता। भाई-बहन के पवित्र रिश्तों का प्रतीक भैया दूज (भाई-टीका) बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस पर्व पर जहां बहनों ने भाई की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने सगुन के रूप में बहनों को उपहार भेंट किए।
दीपावली के दूसरे दिन मनाए जाने वाले इस त्योहार को लेकर बहनों में खास उत्साह देखने को मिला। भैया दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है। यम द्वितीया के अवसर पर बहनों ने भाई के मस्तक पर टीका लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। बदले में भाइयों ने बहन की रक्षा की कसम ली। माना जाता है कि यम द्वितीया के दिन भाई के मस्तक पर टीका लगाने से भाई यमराज के प्रकोप से बच जाता है और मृत्यु के पश्चात उसे स्वर्ग लोक की प्राप्ति होती है।
भैया दूज पर दिनभर शहर में रौनक रही। हलवाइयों और गिफ्ट हाउस की दुकानों में लोगों का तांता लगा रहा। बच्चों में भैया दूज का उत्साह देखते ही बनता था। सुबह से ही भाई बहनों से तिलक लगवाने की तैयारी कर रहे थे। बहनें भी सज-संवर कर त्योहार मनाने में पीछे नहीं थीं। कई भाई बहनों के घर पहुंचे तो कई बहनों ने भाइयों के घरों में जाकर तिलक लगाया। बहनों ने मिठाइयां, स्वादिष्ट पकवान आदि खिलाकर भाइयों का सत्कार किया। भाइयों ने भी बहनों को मनपसंद उपहार व नकदी देकर उनके प्रति अपने स्नेह को प्रकट किया।
पौराणिक कथा के अनुसार यमुना अपने भाई यमराज से स्नेह करती थीं। कार्तिक शुक्ल द्वितिया को यमुना ने अपने भाई यमराज को भोजन करने के लिए बुलाया। बहन के घर जाते समय यमराज ने नरक में निवास करने वाले जीवों को मुक्त कर दिया। तभी से भैया दूज का त्योहार मनाया जाता है। भाई दूज पर बहनों ने किया टीका
लखनऊ। भाई बहन के रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने का पर्व भाई दूज हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बहनों ने जहां भाइयों को टीका करके उनकी दीर्घायु व कुशलता की कामना की वहीं भाइयों ने बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया। भाई दूज के चलते सुबह से ही बाजारों में मिठाई की दुकानों पर खासी भीड़ रही। देर शाम तक दुकानों पर महिलाओं व पुरुषों का जमावड़ा लगा रहा। परंपरा है कि इस दिन बहनें भाइयों के घर जाती हैं और टीका करके उनकी दीर्घायु की कामना करती हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर