2019 में परिवर्तन करने वाले बड़े ग्रहों की कैसी होगी चाल आैर क्या रहेगा हाल
साल 2019 में जनवरी के पहले दिन से ही शुरू हो चुकी है बड़े ग्रहों की हलचल जो आगे के महीनों में भी जारी रहेगी। इनके परिवर्तनों से स्थितियां कैसे बदलेंगी इस बारे में बता रहे हैं पंडित दीपक पांडे।
कुछ बदल गए कुछ बदलने को तैयार
ज्योतिष के अनुसार 2019 के पहले माह जनवरी में ही तीन प्रमुख ग्रहों का राशि परिवर्तन हो रहा है। इनमें से दो ने तो पहले ही दिन अपना स्थान बदल लिया है। 1 जनवरी की सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर बुध ग्रह, धनु राशि में प्रवेश कर गए आैर इसी दिन रात को 8 बजकर 43 मिनट पर शुक्र ने भी अपनी राशि तुला को छोड़कर वृश्चिक राशि में प्रवेश कर लिया था।
सूर्य आैर मंगल का राशि परिवर्तन
अब आने वाले समय में 14 जनवरी को सांयकाल 8 बजकर 04 मिनट पर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इसी दिन मकर संक्ति या खिचड़ी का योग बनेगा। इसके बाद 06 फरवरी 2019 को दोपहर 12 बज कर 10 मिनट पर मंगल ग्रह अपना राशि परिवर्तन करके मीन से मेष राशि में आ जायेंगे। इसके बाद मंगल का परिवर्तन क्रम कुछ इस प्रकार रहेगा, मेष से वृषभ में 22 मार्च 2019 को अपराह्न 03 बज कर 29 मिनट पर, वृषभ से मिथुन में 7 मई 2019 पूर्वाह्न 07बज कर 19 मिनट पर, मिथुन से कर्क में 22 जून 2019 अपराह्न 11 बज कर 48 मिनट पर, कर्क से सिंह में 09 अगस्त 2019 पूर्वाह्न 05 बजकर 12 मिनट पर, सिंह से कन्या में 25 सितम्बर 2019 पूर्वाह्न 06 बज कर 58 मिनट पर, कन्या से तुला में 10 नवम्बर 2019 अपराह्न 02 बज कर 49 मिनट पर, आैर तुला से वृश्चिक में 25 दिसम्बर 2019 अपराह्न 09 बज कर 53 मिनट पर परिवर्तित होंगे।
गुरु का परिवर्तन
यदि बात करें गुरु की चाल की तो 11 अक्टूबर 2018 को गुरू ने सांय काल 7 बज कर 29 मिनट पर वृश्चिक राशि में प्रवेश किया था। उस समय चंद्रमा विशाखा नक्षत्र आैर तुला राशि में था। अब वे 29 मार्च 2019 की शाम को 8 बज कर 13 मिनट पर धनु राशि में प्रवेश करेंगे। उस समय चंद्रमा उत्तराषाढ़ा मकर राशि में होगा। 1 अप्रैल को प्रात: 10 बजकर 39 मिनट पर धनु राशि में ही गुरू वक्री होंगे आैर 11 अगस्त को सांय 7 बज कर 10 मिनट पर पुनः मार्गी हो जायेंगे। खास बात ये है 29 मार्च को गुरू का मिलन शनि से होगा क्योंकि वे पहले ही इस राशि में मौजूद हैं। इसका राजनीतिक घटना क्रमों पर व्यापक प्रभाव होगा।
शनि का परिवर्तन
साल 2017 में 26 अक्टूबर को शाम 7 बजकर 53 मिनट पर शनि ने धनु राशि में प्रवेश किया था आैर अब वे 24 जनवरी 2020 को प्रात:काल 10 बज कर 03 मिनट पर मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इसका अर्थ ये हुआ पहले से ही धनु राशि में स्थित शनि 2019 में भी इसी में रहेंगे। इस दौरान में कुछ परिवर्तन अवश्य करेंगे। 6 सितंबर 2018 को शाम 5 बजकर 2 मिनट पर शनि ग्रह मार्गी हो गए थे आैर अब 30 अप्रैल 2019 तक मार्गी ही रहेंगे। इसी दिन सांय 5 बजकर 32 मिनट पर शनिदेव धनु राशि में ही मार्गी से वक्री हो जायेंगे। यह स्थित 18 सितंबर दोपहर तक रहेगी आैर उसके बाद 2 बज कर 25 मिनट पर वे धनु राशि में पुनः मार्गी हो जायेंगे। इस बीच 20 जनवरी 2019 तक शनि अस्त रहेंगे यानि उनका प्रभाव कम हो जाएगा। साल के अंत में 27 दिसंबर को वे पुनः अस्त होंगे जनवरी 2020 तक इसी स्थिति में रहेंगे। 2019 शनि ज्यादातर समय पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में स्थित रहेंगे और 27 दिसंबर 2019 को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।